Hyundai Exter AMT Review: फीचर्स की भरमार और चलाने में भी मजेदार

Hyundai Exter की कीमत 6 लाख रुपये से शुरू होती है जो कि 10.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। आकर्षक डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर, भरपूर स्पेस, रिफाइन्ड इंजन और 6 एयरबैग्स के साथ सुरक्षित।

Updated: July 18, 2023, 2:04 PM IST

नई दिल्ली, अंकित दुबे। चार मीटर से छोटा सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट काफी ज्यादा पॉपुलर है और इस सेगमेंट में लगभग हर कार कंपनी की एक गाड़ी मौजूद है। लेकिन अगर हम बात करते हैं माइक्रो एसयूवी की तो इसमें फिलहाल Tata Punch का रुतबा बरकरार है। हालांकि, इस रुतबे की नीव हिलाने के लिए Punch को कड़ी टक्कर देने आ गई है Hyundai Exter जिसमें तमाम फीचर्स और हुंडई की नई डिजाइन भाषा देख सकते हैं। अभी तक आप Hyundai की किफायती कारों में Grand i10 Nios और Aura का डिजाइन देखते हुए आ रहे थे लेकिन अब अगर आप Exter देखोगे तो यह डिजाइन बिल्कुल हटकर नजर आएगा और हुंडई की किसी गाड़ी में आपको ऐसा डिजाइन देखने को नहीं मिलेगा।

पहली नजर में आएगी पसंद
वैसे तो डिजाइन अपनी-अपनी पसंद होती है लेकिन फिर भी अगर आप हमसे Hyundai Exter के डिजाइन के बारे में पूछना चाहेंगे तो इसमें SUV का तड़का देखने को मिलेगा। फ्लैट बॉनट, मस्कुलर व्हील आर्च, अच्छा-खासा अप्रोच और डिपार्चर एंगल और 185 mm ग्राउंड क्लियरेंस आपको काफी खुश करते हैं। हालांकि, अगर आप LED DRLs, हेलोजन प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, LED टेल लाइट्स देखते हैं तो यहां भी आपको निराशा हाथ नहीं लगेगी। साइड में 15 इंच के एलॉय व्हील्स काफी खूबसूरत नजर आएंगे लेकिन यहां कंपनी 16 इंच देती तो और ज्यादा बेहतर होता।

अब Hyundai Exter को बनाया Grand i10 Nios के प्लेटफॉर्म पर ही है। इसी वजह से इसकी लंबाई 3.8 मीटर है। हालांकि, व्हीलबेस 2,450 mm मिलता है जो कि Tata Punch से भी 5 mm ज्यादा है। अब यहां Punch से थोड़ी तुलना करें तो Exter की लंबाई और ऊंचाई Punch के मुकाबले कम है।

इंटीरियर में फीचर्स की भरमार
छोटी और किफायती कारों की बात होती है और उसमें इंटीरियर क्वालिटी की भी अगर बात हो जाए तो इसमें सबसे पहले Hyundai का नाम आता है ऐसा इसलिए क्योंकि हुंडई बखूबी जानती है कि किस तरह उन्हें अपनी गाड़ियों के इंटीरियर को बेहतर बनाना है। ऐसा ही कुछ आपको नई Hyundai Exter में देखने को मिलता है। फिट एंड फिनिश, प्लास्टिक और सभी बटन्स की क्वालिटी काफी बेहतर नजर आती है। इतना ही नहीं हाई-क्वालिटी लेदर से ढंका स्टीयरिंग व्हील और गियर लिवर प्रीमियम नजर आता है। सोने पे सुहागा यह कि आपको आपको डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सनरूफ, वायरलेस चार्जर और डैश कैम मिल जाता है। इन्फोटेनमेंट सिस्टम काफी बढ़िया काम करता है और इसमें 60 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स आपको मिल जाते हैं।

सिंगल-टोन ब्लैक कलर थीम काफी बढ़िया नजर आएगी। सीटें भी स्पोर्टी दी गई हैं जो कि आपको बेहतर लगेगी। हालांकि, थोड़ी कठोर जरूर है। अब यह छोटी एसयूवी है तो ऐसे में अगर आपका शरीर लंबा-चौड़ा है तो हो सकता है आपको थोड़ी दिक्कत जरूर हो। हालांकि, जिनकी लंबाई 6 फीट से नीचे-नीचे है उन्हें इस गाड़ी में कोई दिक्कत नहीं आने वाली।

रियर सीटों पर आपको अच्छा खासा स्पेस मिल जाता है। तीन लोग आप आसानी से बिठा सकते हैं। हालांकि, तीनों में से जो बीच में बैठेगा वो थोड़ा परेशान जरूर हो सकता है। क्योंकि उसके लिए हेडरेस्ट नहीं है। हालांकि, तीनों के लिए थ्री-प्वाइंट सीट बेल्ट जरूर इस गाड़ी में मिल जाती है। हेडरूम, नी रूम और लेग स्पेस आपको पर्याप्त मिलता है। सबसे बड़ी चीज गाड़ी में आपको रियर AC वेंट्स मिल जाते हैं जो कि आपको इस सेगमेंट की दूसरी गाड़ी में नहीं मिलते।

स्टोरेज स्पेस की बात करें तो दरवाजों में बढ़िया स्पेस मिल जाता है। कूल्ड ग्लॉव बॉक्स में भी आप अच्छा खासा सामान रख सकते हैं और बूट में आपको 391 लीटर्स का स्टोरेज स्पेस मिल जाता है। हालांकि, सीटें 60:40 में आप गिरा नहीं सकते।

इंजन और परफॉर्मेंस
Hyundai का ट्राइड एंड टेस्टेड 4-सिलेंडर, 1.2 लीटर Kappa पेट्रोल इंजन Venue, Grand i10 Nios और Aura के अलावा नई Exter में भी मिलेगा और यह इंजन बेहतर रिफाइनमेंट लेवेल के साथ आता है। इंजन 83 PS की पावर और करीब 114 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। साथ ही आपको 5-स्पीड मैनुअल और AMT ट्रांसमिशन के साथ पैडल शिफ्टर्स का विकल्प दिया जा रहा है। हमने सिर्फ AMT ट्रांसमिशन वाला ही वेरिएंट चलाया जिसमें पैडल शिफ्टर्स भी मौजूद हैं। करीब 1000 किलोग्राम Exter का वजन और इंजन के ये स्पेसिफिकेशन्स वाकई आपको काफी पसंद आएंगे। इंजन काफी ज्यादा रिफाइन्ड और रिस्पांसिव नेचर के साथ नजर आता है। 4000 से 5000 की मिड-रेंज में आपको अच्छी खासी पावर मिल जाती है और आप 80 से 100 kmph की रफ्तार पर हाईवे पर लंबे समय तक क्रूज कर सकते हैं। AMT गियरबॉक्स अपने सेगमेंट में काफी बेहतरीन नजर आता है और अगर आपका थोड़ा मजे करने का मन है तो आपके पास पैडल शिफ्टर्स भी हैं जिसके चलते आप तेजतर्रार प्रतिक्रिया हासिल कर सकते हैं। हालांकि, ज्यादा एक्सेलेरेटर पर पावर की थोड़ी कमी महसूस होती है।

राइड और हैंडलिंग की बात करें तो यहां आपको निराशा हाथ नहीं लगेगी। जबरदस्त सस्पेंशन सेटअप मिलता है और 185 mm ग्राउंड क्लियरेंस के साथ आप ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर भी आसानी से चला सकते हैं। छोटे-मोटे गढ्ढों में गाड़ी आपको ज्यादा झटके फील नहीं कराती। हैडलिंग और ब्रेकिंग से भी आपको किसी तरह की कोई शिकायत देखने को नहीं मिलती। माइलेज की बात करें तो कंपनी के मुताबिक Exter आपको 19.2 kmpl तक का माइलेज ऑफर करती है।

बेस मॉडल से ही सुरक्षित
Hyundai Exter के बेस मॉडल से ही आपको 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड मिल जाते हैं और ग्राहकों के पास ESP का भी बेस मॉडल से ही विकल्प है। Exter का फिलहाल क्रैश टेस्ट नहीं हुआ है लेकिन कंपनी इसकी सुरक्षा को लेकर आत्मविश्वास से भरी हुई है।

कीमत और फैसला
Hyundai Exter की कीमत 6 लाख रुपये से शुरू होती है जो कि 10.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। आकर्षक डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर, भरपूर स्पेस, रिफाइन्ड इंजन और 6 एयरबैग्स के साथ सुरक्षित। ये सभी चीजें आपको जिस कीमत के साथ Hyundai Exter में मिल रही हैं ऐसे में आपको इस सेगमेंट की किसी और गाड़ी में ये सभी चीजें नहीं मिलने वाली। हालांकि, एक्सटर के इंजन में पावर की थोड़ी कमी महसूस जरूर होती है।

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Auto की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.