टाटा की इन दो गाड़ियों ने मचाया तहलका, मई में बिक्री ने तोड़े रिकॉर्ड; महिंद्रा-हुंडई रह गई पीछे
Tata Motors Sales: मई 2026 में टाटा मोटर्स ने 59,090 कारों की बिक्री की. पंच, नेक्सॉन, सिएरा और हैरियर की मजबूत मांग से कंपनी ने शानदार बढ़त हासिल करते हुए कई कंपनियों को पीछे छोड़ा.
Tata Motors May Sales (Image: AI)
Tata Motors Sales: भारतीय कार बाजार में टाटा मोटर्स लगातार मजबूत होती जा रही है. मई 2026 की बिक्री रिपोर्ट में कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिंद्रा और हुंडई जैसी बड़ी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया. इस दौरान टाटा मोटर्स ने कुल 59,090 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल मई के मुकाबले 42 प्रतिशत ज्यादा हैं. इस दमदार प्रदर्शन के साथ टाटा देश की दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी बन गई. कंपनी की इस सफलता में पंच, नेक्सॉन, सिएरा और हैरियर जैसी एसयूवी का बड़ा योगदान रहा.
पंच और नेक्सॉन बनीं कंपनी की सबसे बड़ी ताकत
टाटा पंच मई 2026 में कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही. पिछले महीने इसकी 20,208 यूनिट्स की बिक्री हुई. पिछले साल इसी महीने 13,133 यूनिट्स बिकी थीं, यानी बिक्री में 54 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं टाटा नेक्सॉन ने भी शानदार प्रदर्शन किया. मई 2026 में इसकी 19,100 यूनिट्स बिकीं, जो पिछले साल की तुलना में 46 प्रतिशत ज्यादा हैं. इन दोनों एसयूवी की मजबूत मांग ने टाटा की बिक्री को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
सिएरा और हैरियर ने भी बढ़ाया कंपनी का दम
टाटा मोटर्स की नई एसयूवी सिएरा को भी ग्राहकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. मई 2026 में इसकी 6,606 यूनिट्स की बिक्री हुई. कंपनी के लिए यह काफी सकारात्मक संकेत माना जा रहा है. दूसरी ओर टाटा हैरियर ने सबसे ज्यादा चौंकाया. पिछले साल मई में जहां इसकी केवल 894 यूनिट्स बिकी थीं, वहीं इस साल मई में बिक्री बढ़कर 2,815 यूनिट्स तक पहुंच गई. यानी हैरियर ने 215 प्रतिशत की शानदार सालाना बढ़ोतरी दर्ज की.
अल्ट्रोज की बिक्री बढ़ी
टाटा की प्रीमियम हैचबैक अल्ट्रोज भी पिछले महीने बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रही. मई 2026 में इसकी 2,915 यूनिट्स बिकीं, जो पिछले साल के मुकाबले 5 प्रतिशत ज्यादा हैं. हालांकि कंपनी के कुछ मॉडल्स की बिक्री में गिरावट भी देखने को मिली. टाटा कर्व की बिक्री 45 प्रतिशत घटकर 1,680 यूनिट्स रह गई. वहीं सफारी की बिक्री में 5 प्रतिशत की कमी आई और इसे 1,057 ग्राहकों ने खरीदा.
टियागो और टिगोर की बिक्री में बड़ी गिरावट
टाटा मोटर्स की एंट्री लेवल हैचबैक टियागो की बिक्री में 35 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. मई 2026 में इसकी 4,178 यूनिट्स बिकीं. हालांकि हाल ही में कंपनी ने टियागो और टियागो ईवी के नए फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किए हैं, जिससे आने वाले महीनों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है. वहीं टिगोर की हालत और कमजोर रही. इसकी बिक्री में 51 प्रतिशत की गिरावट आई और पिछले महीने सिर्फ 531 यूनिट्स ही बिक सकीं. कुल मिलाकर देखा जाए तो पंच और नेक्सॉन की मजबूत बिक्री ने टाटा मोटर्स को शानदार बढ़त दिलाई और कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें