By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
टाटा नेक्सन फर्स्ट ड्राइव रिव्यू: जानें क्या खास है इस सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी में
हमने टाटा नेक्सन को ड्राइव किया और ये जानने की कोशिश की कि ये नई एसयूवी बाज़ार में मुकाबले के लिए कितनी तैयार है.
टाटा मोटर्स बहुत जल्द अपनी सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी टाटा नेक्सन को भारतीय बाज़ार में लॉन्च करने जा रही है. ये पहली बार है जब टाटा सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में कदम रख रही है. पिछले एक साल से टाटा मोटर्स की यात्रा काफी अलग रही है. टाटा टियागो, टाटा हेक्सा और टाटा टिगॉर को लॉन्च कर के कंपनी ने एक नई शुरुआत की है. अब टाटा नेक्सन से भी कंपनी को काफी उम्मीदें हैं. हमने टाटा नेक्सन को ड्राइव किया और ये जानने की कोशिश की कि ये नई एसयूवी बाज़ार में मुकाबले के लिए कितनी तैयार है.
टाटा नेक्सन – एक्टीरियर डिजाइन

डिजाइन की बात करें तो टाटा नेक्सन दिखने में काफी हद तक अपने उसी कॉन्सेप्ट मॉडल की तरह ही है जिसे 2016 दिल्ली ऑटो एक्सपो में शोकेस किया गया था. ये दिखने में एक एसयूवी की तरह और फंकी नज़र आती है. इस एसयूवी में स्टाइलिश प्रोजेक्टर हेडलैंप, फेलाइन-आई शेप्ड डे-टाइम रनिंग लाइट लगाया गया है. इसके अलावा इसमें हनी-कॉम्ब ग्रिल और फॉग लैंप लगाया गया है जो इसके फ्रंट लुक को यूनिक बना रहा है.

इसके अलावा डुअल-टोन रूफ, 16-इंच मशीन कट एलॉय व्हील और फ्लेयर्ड व्हील आर्चेज़ इसे स्पोर्टी लुक दे रहे हैं. कार के पिछले हिस्से की बात करें तो यहां क्रिस्टल क्लियर एलईडी टेललाइट, बंपर पर ब्लैक प्लास्टिक क्लैडिंग लगाया गया है जो काफी आकर्षक है.
टाटा नेक्सन – इंटीरियर डिजाइन

टाटा नेक्सन का इंटीरियर वो हिस्सा है जहां इस कार की खूबियां नज़र आती हैं. कार का इंटीरियर प्रीमियम और काफी अलग है. टाटा नेक्सन में डुअल-टोन केबिन दिया गया है जो ब्लैक और हल्के ग्रे कलर का मिक्सचर है. इस एसयूवी में 6.5-इंच का फ्लोटिंग डैशबोर्ड टचस्क्रीन लगाया गया है जो सेगमेंट-फर्स्ट फीचर है.
ये टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से जुड़ा हुआ है. कार में HARMAN इंफोटेनमेंट सिस्टम लगा है जिसके साथ 8-स्पीकर लगाए गए हैं. इस सिस्टम में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, एप्पल कारप्ले, एंड्रॉयड ऑटो और नेविगेशन की सुविधा दी गई है. इसके अलावा टेक्स्ट मेसैज के रिप्लाई और व्हाट्सएप मैसेज को पढ़ने की भी सुविधा दी गई है. इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिखने में ठीक वैसा ही जैसा हमने टाटा टियागो और टाटा टिगॉर में देखा है.

कंफर्ट की बात की जाए तो टाटा नेक्सन में फ्रंट और रियर सीट में अच्छा खासा स्पेस है. दोनों ही जगह अच्छा खासा लेगरूम और शोल्डर रूम है. हालांकि, रियर सीट पर तीसरे पैसेंजर के बैठने के बाद थोड़ी परेशानी हो सकती है. कार में लगी सीटों में अच्छी क्वालिटी के कुशन का इस्तेमाल किया गया है जो काफी आरामदायक है. थाई और लंबर सपोर्ट भी ठीक-ठाक है. कार में बड़ा ग्लव बॉक्स दिया गया है जिसमें डॉक्यूमेंट और ज़रूरी कागजों को रखा जा सकता है.


टाटा नेक्सन में छाता रखने का जगह दिया गया है जो एक प्रीमियम फीचर भी है जो ज्यादातर रॉयल्स रॉयस जैसी प्रीमियम सैलून कारों में देखने को मिलती है. कार में 350-लीटर का बूट स्पेस है जो रियर सीट को फोल्ड करने के बाद 690 लीटर का हो जाता है.

सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो टाटा नेक्सन में डुअल-एयरबैग, ISOFIX, एबीएस और कॉर्नर स्टैबिलिटी कंट्रोल को स्टैंडर्ड फीचर में शामिल किया गया है. की-लेस एंट्री के लिए की और रिस्ट बैंड दिया गया है जो कि एक यूनिक फीचर है.
टाटा नेक्सन – इंजन और परफॉर्मेंस

टाटा नेक्सन में इंप्रेसिव लुक के अलावा इंजन भी दमदार लगाया गया है. टाटा नेक्सन में 1.2-लीटर, 3 सिलिंडर Revotron इंजन और नया 1.5-लीटर, 4-सिलिंडर Revotorq डीज़ल इंजन लगाया गया है. कार में लगा पेट्रोल इंजन 108 बीएचपी का पावर और 170Nm का टॉर्क देता है वहीं, इसमें लगा डीज़ल इंजन 108 बीएचपी का पावर और 260Nm का टॉर्क देता है. इन दोनों इंजन को 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन से लैस किया गया है.
कार के डीज़ल इंजन वर्जन के परफॉर्मेंस की बात करें तो इसका NVH लेवल कम है और इंजन में रिफाइनमेंट की वजह से कोई लैग भी नहीं है. ड्राइविंग एक्सपीरिएंस को बेहतर बनाने के लिए इसमें तीन ड्राइविंग मोड दिए गए हैं जिसे इको, सिटी और स्पोर्ट्स मोड नाम दिया गया है.

कार में लगे 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन की बात करें तो इसका गियरबॉक्स काफी स्मूद नहीं है और इसकी आदत पड़ने में थोड़ा वक्त लग सकता है. कार का स्टीयरिंग भी स्मूद है और प्रभावी है. कार के सस्पेंशन को इस तरह तैयार किया गया है कि आम भारतीय सड़कों पर गाड़ी आराम से निकल जाती है. कार का क्लच भी आम डीज़ल कारों की तुलना में थोड़ा हल्का है. कार का पेट्रोल वेरिएंट सिटी और हाईवे पर अच्छा परफॉर्म करता है. इसका सस्पेंशन डीज़ल वर्जन की तुलना में थोड़ा सख्त है.
टाटा नेक्सन – फैसला

अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि टाटा नेक्सन अपने मुकाबले की कारों के सामने कितनी मज़बूती के साथ खड़ी होगी. तो इसका जवाब है कि ये कार अपने मुकाबले की कारों को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है. टाटा नेक्सन का मुकाबला फोर्ड इकोस्पोर्ट और मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा जैसी कारों से है. टाटा नेक्सन हर पैमाने पर अपने प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर देते दिख रही है. अब देखना ये है कि कंपनी इस कार की कीमत क्या रखती है. लेकिन, ये कहना गलत नहीं होगा कि जो पैकेज टाटा मोटर्स नेक्सन में ले कर आ रही है, फोर्ड और मारुति सुजुकी को कड़ी टक्कर मिलना तय है.
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Auto की और अन्य ताजा-तरीन खबरें