Toyota का बड़ा धमाका! पेट्रोल नहीं हाइड्रोजन से चलेगी ये स्कूटी, जानिए क्या है इसकी खासियत
Toyota Hydrogen Scooter: टोयोटा और सुजुकी हाइड्रोजन फ्यूल सेल स्कूटर पर काम कर रही हैं. इस स्टोरी में हम आपको इसी के बारे में बता रहे हैं.
Toyota Hydrogen Scooter
Toyota Hydrogen Scooter: बाइक और स्कूटर की दुनिया में अक्सर नई लॉन्च, माइलेज और फीचर्स की बातें होती हैं. लेकिन इस बार खबर कुछ अलग है. दुनिया की बड़ी ऑटो कंपनी टोयोटा एक ऐसे स्कूटर पर काम कर रही है, जो पेट्रोल या बैटरी से नहीं बल्कि हाइड्रोजन से चलेगा. खास बात यह है कि इसमें हाइड्रोजन छोटे कैनिस्टर में रखा जाएगा. जब कैनिस्टर खाली हो जाएगा, तो उसे गैस सिलेंडर की तरह बदलकर नया लगाया जा सकेगा. यह आइडिया लोगों को थोड़ा अलग लग सकता है, लेकिन अगर यह सफल हुआ तो आने वाले समय में टू-व्हीलर इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
सुजुकी बर्गमैन पर आधारित होगा नया मॉडल
टोयोटा ने हाल ही में एक हाइड्रोजन फ्यूल सेल स्कूटर का पेटेंट फाइल किया है. रिपोर्ट के मुताबिक यह स्कूटर सुजुकी बर्गमैन 400 मॉडल पर आधारित हो सकता है. इसमें पेट्रोल टैंक की जगह पहले से भरे हुए हाइड्रोजन कैनिस्टर लगाए जाएंगे. यानी आपको पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन में खड़े होकर टैंक भरवाने की जरूरत नहीं होगी. जब कैनिस्टर खाली होगा, तो आप उसे हटाकर नया कैनिस्टर लगा सकेंगे. यह सिस्टम खास हाइड्रोजन स्टेशनों पर काम करेगा, जहां पहले से भरे कैनिस्टर उपलब्ध होंगे. इस प्रोजेक्ट में सुजुकी भी टोयोटा के साथ मिलकर काम कर रही है.
स्कूटर में मिलेगा खास डिजाइन
इस नए स्कूटर का डिजाइन भी काफी अलग बताया जा रहा है. इसमें हाइड्रोजन टैंक को आगे की तरफ खास तरीके से फिट किया जाएगा. टैंक को एक ऐसे क्रैडल में रखा जाएगा, जो आसानी से बाहर की तरफ घूम सकेगा. इससे कैनिस्टर बदलना आसान हो जाएगा. एक दूसरे डिजाइन में साइड से टैंक निकालने के लिए खास रिट्रैक्टेबल आर्म्स भी दिए गए हैं. कंपनी का मकसद यह है कि स्कूटर चलाने वाले लोगों को कैनिस्टर बदलने में ज्यादा मेहनत न करनी पड़े और पूरा सिस्टम आसान बना रहे.
फ्यूल सेल टेक्नोलॉजी कैसे करती है काम
इस स्कूटर में हाइड्रोजन को सीधे जलाया नहीं जाएगा. इसमें फ्यूल सेल टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होगा. इस तकनीक में हाइड्रोजन से सीधे बिजली तैयार की जाती है, जिससे स्कूटर चलता है. माना जाता है कि यह तरीका पेट्रोल इंजन से ज्यादा एफिशिएंट होता है क्योंकि इसमें एनर्जी की बर्बादी कम होती है. साथ ही इससे प्रदूषण भी काफी कम हो सकता है. दुनिया की कई ऑटो कंपनियां इस टेक्नोलॉजी पर काम कर रही हैं, लेकिन अभी तक टू-व्हीलर सेगमेंट में इसे बड़ी सफलता नहीं मिली है.
भारत में भी बढ़ रही नई टेक्नोलॉजी की तैयारी
भारत में भी नई फ्यूल टेक्नोलॉजी को लेकर कंपनियां तेजी से काम कर रही हैं. बजाज ऑटो ने पहले संकेत दिए थे कि उसकी सहयोगी कंपनी चेतक टेक्नोलॉजी लिमिटेड इस दिशा में रिसर्च कर रही है. पिछले साल बजाज ने दुनिया की पहली सीएनजी बाइक Freedom 125 लॉन्च कर सबको चौंका दिया था. ऐसे में अब हाइड्रोजन स्कूटर को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. अगर टोयोटा और सुजुकी का यह प्रोजेक्ट सफल होता है, तो भविष्य में लोगों को पेट्रोल और चार्जिंग की चिंता से काफी राहत मिल सकती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें