मगरमच्छ को कंधे पर रखकर पुलिस थाने पहुंचा किसान, VIDEO सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

Written By: Rishabh Kumar Updated by: Rishabh Kumar
Updated Date:August 1, 2026 11:18 PM IST

बिहार के सुपौल में किसान पांच फीट लंबे मगरमच्छ को कंधे पर उठाकर पुलिस थाने पहुंच गया. जानिए कैसे हुआ रेस्क्यू और क्यों वायरल हो रहा है यह वीडियो.

बिहार के सुपौल जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक किसान करीब पांच फीट लंबे मगरमच्छ को अपने कंधे पर उठाकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गया. यह घटना भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 की है. धान के खेत में काम कर रहे किसानों को अचानक मगरमच्छ दिखाई दिया. इसके इलाके में हड़कंप मच गया. पहले तो लोग डर गए, लेकिन बाद में ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया. इस दौरान किसी को भी चोट नहीं लगी और पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertising
Advertising

ग्रामीणों ने बिना नुकसान पहुंचाए किया मगरमच्छ को काबू

खेत में मगरमच्छ मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने जल्दबाजी करने के बजाय समझदारी दिखाई और मगरमच्छ को बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ लिया. उसकी सुरक्षा और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसका मुंह रस्सी से बांध दिया गया, ताकि वह किसी पर हमला न कर सके. इसके बाद किसान अमित कुमार ने मगरमच्छ को अपने कंधे पर उठाया और पैदल ही आगे बढ़ गया. रास्ते में यह नजारा देखकर लोग हैरान रह गए. कई लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वन विभाग कार्यालय बंद मिला तो किसान पहुंचा पुलिस थाने

किसान ने बताया कि मगरमच्छ को पकड़ने के बाद वह सबसे पहले कटैया स्थित वन विभाग कार्यालय गया था. लेकिन वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला. इसके बाद उसने मगरमच्छ को लेकर भीमनगर पुलिस थाने जाने का फैसला किया. जैसे ही वह थाने पहुंचा, पुलिसकर्मी भी मगरमच्छ को देखकर हैरान रह गए. पुलिस ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी. कुछ ही देर में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.

देखें Video:

जांच के बाद मगरमच्छ को कोसी नदी में छोड़ा गया

वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ की जांच की और बताया कि उसकी लंबाई करीब पांच फीट थी. उसकी हालत भी पूरी तरह ठीक थी. जांच पूरी होने के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक आवास कोसी नदी में छोड़ दिया. पूरी प्रक्रिया के दौरान इस बात का ध्यान रखा गया कि मगरमच्छ को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे. वन विभाग ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना की और कहा कि उन्होंने सही समय पर सूचना देकर बड़ी घटना होने से बचा लिया.

बारिश में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन ने बताया कि बारिश के मौसम में नदियों और तालाबों का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ और दूसरे जलीय जीव कई बार खेतों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कहीं मगरमच्छ या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे, तो उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें. प्रशिक्षित टीम ही ऐसे जानवरों का सुरक्षित रेस्क्यू कर सकती है. इससे इंसानों और वन्यजीव, दोनों की सुरक्षा बनी रहती है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें