पवन सिंह की राजनीति में एंट्री! BJP ने बिहार परिषद चुनाव के लिए दिया टिकट, लिस्ट में और कौन-कौन?

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:June 5, 2026 10:23 PM IST

भाजपा ने बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए बड़ा दांव खेलते हुए भोजपुरी गायक पवन सिंह को उम्मीदवार बनाया है. जानिए उम्मीदवारों की लिस्ट में और किस-किसका नाम है?

बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने 4 नामों की घोषणा करते हुए अपनी रणनीति का पहला बड़ा संकेत दे दिया है. सबसे ज्यादा चर्चा भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार गायक और अभिनेता पवन सिंह को लेकर हो रही है. लंबे समय से राजनीति में उनकी सक्रियता को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर अब भाजपा ने अब मुहर लगा दी. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन नामों को मंजूरी दी है और इसे आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

Advertising
Advertising

पवन सिंह को मिला मौका

भाजपा की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक, बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए पवन सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है. भोजपुरी फिल्म और संगीत जगत में उनकी पहचान किसी परिचय की मोहताज नहीं है. अपनी गायकी और अभिनय के दम पर उन्होंने देशभर में करोड़ों प्रशंसकों का मजबूत आधार तैयार किया है. यही लोकप्रियता अब राजनीतिक मैदान में भी भाजपा के लिए फायदा पहुंचा सकती है. पार्टी ने उनके व्यापक जनाधार को देखते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है.

संजय मयूख पर फिर जताया भरोसा

लिस्ट में डॉ. संजय मयूख भाजपा के अनुभवी और प्रभावशाली नेता का भी नाम है. वह इस समय में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं. इसके अलावा वह मौजूदा विधान परिषद सदस्य भी हैं. संगठन और मीडिया प्रबंधन में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है. भाजपा नेतृत्व का मानना है कि उनका अनुभव चुनावी रणनीति और संगठन दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा.

लिस्ट में और किस-किसका नाम?

भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक प्रतिनिधित्व को भी महत्व दिया है. अनिल कुमार ठाकुर, जो नाई समाज से आते हैं, वर्तमान में बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और समाज के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं शीला पंडित प्रजापति को भी मौका दिया गया है, जो बिहार भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल हैं और वर्तमान में बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य के रूप में कार्य कर रही हैं.

महिला और सामाजिक प्रतिनिधित्व पर भी जोर

भाजपा उम्मीदवारों की यह लिस्ट दिखाती है कि पार्टी ने केवल राजनीतिक अनुभव ही नहीं, बल्कि महिला नेतृत्व, सामाजिक संतुलन और जनाधार वाले चेहरों को भी प्राथमिकता दी है. पवन सिंह जैसे लोकप्रिय चेहरे के साथ-साथ संगठन में लंबे समय से सक्रिय नेताओं को टिकट देकर भाजपा ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि चुनावी रणनीति में हर वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा.

(इनपुट-एजेंसी के साथ)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें