बिहार में चोरों का कांड: 2 दिन लगातार काम किया, 132 फीट ऊंचा मोबाइल टावर रातोंरात कर दिया गायब

बिहार के बक्सर में चोरों ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने सभी को हैरान कर दिया. 132 फीट ऊंचा बंद पड़ा मोबाइल टावर दो दिनों में पूरी तरह गायब कर दिया गया. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह संगठित चोरी थी या किराए के विवाद से जुड़ा मामला.

Written by: Farha Fatima
Published: June 12, 2026, 12:36 PM IST
  • बिहार के बक्सर में चोर 132 फीट ऊंचा बंद पड़ा मोबाइल टावर खोलकर ले गए.
  • दो दिन तक टावर के पार्ट्स, केबल, एंटीना और जनरेटर हटाए गए, लेकिन किसी को शक नहीं हुआ.
  • कंपनी की टीम पहुंची तो मौके पर सिर्फ खाली जगह मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
  • जमीन मालिक ने किराया विवाद का दावा किया है, जबकि पुलिस चोरी और टावर हटाने दोनों एंगल से जांच कर रही है.

बिहार के बक्सर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसमें चोरों ने 132 फीट के मोबाइल टावर को पूरी तरह गायब कर दिया. यह टावर कई साल से बंद पड़ा था. स्थानीय लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी. डुमरांव नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 के एक रिहायशी इलाके में स्थित यह टावर GTL कंपनी का था. चोरों ने दो दिन तक लगातार काम करके टावर के सारे पार्ट्स, केबल, एंटीना, तकनीकी उपकरण और जनरेटर सेट सब कुछ खोलकर ले गए. जब कंपनी के अधिकारी टावर की मरम्मत और जांच के लिए पहुंचे तो उन्हें सिर्फ खाली जगह मिली. जी न्यूज की खबर के मुताबिक, स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ लोग दो दिनों तक वहां काम करते दिखे थे. वे टावर को सावधानी से खोल रहे थे और पार्ट्स को वाहनों पर लाद रहे थे. लोगों ने सोचा कि कंपनी के आधिकारिक कर्मचारी टावर हटा रहे हैं, इसलिए किसी ने कोई शक नहीं किया. इतनी बड़ी चोरी होने के बावजूद इलाके में कोई हलचल नहीं हुई, जो पूरे मामले को और रहस्यमयी बना रहा है.

अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज

कंपनी की टीम ने तुरंत डुमरांव थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पूछताछ में यही पता चला कि चोरों ने व्यवस्थित तरीके से काम किया और सब कुछ ले गए.

जमीन मालिक का दावा- कंपनी की मिलीभगत

जिस जमीन पर टावर लगा था, उसके मालिक ने अलग दावा किया है. उनके अनुसार वर्ष 2010 में GTL कंपनी के साथ 12 साल का एग्रीमेंट हुआ था. लेकिन 2017 के बाद कंपनी ने किराया देना बंद कर दिया. जमीन मालिक ने कंपनी को चार बार कानूनी नोटिस भेजे थे. उनका आरोप है कि बकाया भुगतान न करने के कारण कंपनी की मिलीभगत से टावर हटाया गया.

जांच जारी है, सच्चाई जल्द सामने आएगी

पुलिस अभी यह तय नहीं कर पाई है कि यह संगठित चोरी है या फिर किराए के विवाद के चलते टावर हटाया गया. दोनों पक्षों की कहानियां अलग-अलग हैं. जांच जारी है और सच्चाई जल्द सामने आने की उम्मीद है. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. लोग हैरान हैं कि इतना बड़ा ढांचा बिना किसी की नजर आए कैसे गायब हो गया.

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Bihar की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.