LPG संकट के बीच आई खुशखबरी, यहां फ्री में बांटे जाएंगे गैस सिलिंडर; कौन-कौन उठा सकता है लाभ
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने एक बड़ी घोषणा की है. उनका कहना है कि जो छात्राएं अलग-अलग जिलों से आकर पटना और पूर्णिया में रह रही हैं, उन्हें गैस सिलिंडर मिलेगा.
यह कदम इसलिए उठाया गया है, ताकि उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों में परेशानी न हो. (Photo from PTI File)
मिडिल ईस्ट तनाव के चलते भारत में LPG गैस क्राइसिस चल रहा है. देश के अलग-अलग राज्यों से गैस सिलिंडर से जुड़ी कोई न कोई खबर सामने आ ही जाती है. इन सबके बीच, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने एक बड़ी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि पटना और पूर्णिया में रहने वाली छात्राओं को उनके कार्यालय में ID कार्ड दिखाने पर मुफ्त गैस सिलिंडर दिया जाएगा. यह कदम खासतौर पर बाहर से आकर पढ़ाई कर रही छात्राओं की मदद के लिए उठाया गया है, ताकि उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों में परेशानी न हो.
पप्पू यादव ने बिहार कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
आज यानी रविवार - 22 मार्च, 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद ने डगरूआ प्रखंड में हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो पीड़िता की जान बच सकती थी. इस घटना को उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है.
आंधी-तूफान से बिहार में किसानों को बड़ा नुकसान हुआ
पप्पू यादव ने किसानों को लेकर भी चिंता जताई. दरअसल, बिहार में अचानक आए तेज आंधी-तूफान से मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. पूर्णिया सांसद ने बताया कि सीमांचल के पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज के अलावा कोसी क्षेत्र के मधेपुरा, सहरसा और सुपौल में फसल को भारी नुकसान हुआ है. ये इलाके राज्य के करीब 65 फीसदी मक्का उत्पादन के लिए जाने जाते हैं. यहां के अधिकांश किसान पूरी तरह खेती पर निर्भर हैं. ऐसे में फसल बर्बाद होने से उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है.
सीमांचल और कोसी में सबसे ज्यादा नुकसान
उन्होंने कहा कि इन इलाकों के ज्यादातर किसान बैंक से कर्ज लेकर खेती करते हैं. इस बार आए तूफान ने उनकी पूरी फसल नष्ट कर दी, जिससे कर्ज चुकाना और भी मुश्किल हो गया है. पप्पू यादव ने सरकार से मांग की कि किसानों को तुरंत मुआवजा दिया जाए और उनका कर्ज भी माफ किया जाए. उनका कहना है कि अगर सरकार ने समय पर कदम नहीं उठाया, तो किसान बड़े आर्थिक संकट में फंस जाएंगे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें