Pappu Yadav Arrest Earlier Warrant Issued Patna Police Reached Home
पप्पू यादव पर चला कानून का डंडा, पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला?
Pappu Yadav Arrest: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार किया गया है. 35 साल पुराने केस में कोर्ट ने वारंट जारी किया था. आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है?
बिहार के पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. खबरों के मुताबिक, पुलिस टीम उनके पटना के मंदीरी स्थित आवास पर पहुंची और सांसद को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस सूत्रों का कहना है कि सांसद गिरफ्तारी में सहयोग नहीं कर रहे हैं, जबकि उनके समर्थक लगातार विरोध कर रहे हैं. आइए जानते हैं पप्पू यादव को किस केस में गिरफ्तार किया गया है?
35 साल पुराने केस ने बढ़ाई पप्पू यादव की मुश्किलें
बताया जा रहा है कि पप्पू यादव के खिलाफ यह कार्रवाई 35 साल पुराने एक मामले को लेकर की जा रही है. इस केस में आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर धोखाधड़ी करके एक मकान किराए पर लिया था और फिर मकान मालिक को धमकी देने जैसी बातें भी सामने आई थीं. लंबे समय से यह मामला कोर्ट में चल रहा था, लेकिन अब इसमें एक नया मोड़ आ गया है. कोर्ट ने इस केस में पप्पू यादव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है, जिसके बाद पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए सक्रिय हो गई है. पुलिस का कहना है कि वारंट कोर्ट से मिला है, इसलिए कार्रवाई रोकना उनके लिए संभव नहीं है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस केस में एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट ने सांसद पप्पू यादव समेत तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ कुछ दिन पहले ही कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया था. कोर्ट का कहना था कि लगातार गैरहाजिरी के चलते अब सख्त कदम उठाना जरूरी हो गया है. यह आदेश विशेष जज प्रवीण कुमार मालवीय की अदालत की ओर से पारित किया गया. बताया जा रहा है कि कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस को आदेश की तामील कराने के लिए भेजा गया, इसी कारण पुलिस उनके घर पहुंच गई. पुलिस का साफ कहना है कि कोर्ट के आदेश के अनुसार उन्हें हर हाल में कार्रवाई करनी है.
कई और आरोपियों के नाम भी सामने आए
इस मामले में सिर्फ पप्पू यादव ही नहीं, बल्कि अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं. कोर्ट ने जिन लोगों के खिलाफ आदेश जारी किया है, उनमें शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण प्रसाद भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि इन सभी आरोपियों की लगातार अनुपस्थिति ने कोर्ट को नाराज कर दिया था. यही वजह है कि कोर्ट ने पहले कुर्की-जप्ती का आदेश दिया और फिर गिरफ्तारी वारंट की प्रक्रिया तेज कर दी. पुलिस अब चाहती है कि सांसद को कोर्ट के सामने पेश किया जाए, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके.
समर्थक कर रहे विरोध
पप्पू यादव की गिरफ्तारी की खबर के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी साफ देखी जा रही है. कई समर्थक उनके घर के बाहर जमा हो गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे. समर्थकों का दावा है कि यह सब एक राजनीतिक साजिश के तहत किया जा रहा है और सांसद को जानबूझकर फंसाया जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ पुलिस स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही है, ताकि कोई बड़ा विवाद न हो. फिलहाल माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और यह साफ माना जा रहा है कि अगर सांसद ने कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया तो उनकी गिरफ्तारी किसी भी समय हो सकती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Bihar की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.