By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
बेगूसराय से लोकसभा सांसद 82 वर्षीय भोला सिंह का निधन, पीएम मोदी ने दुख जताया
1967 में भोला सिंह पहली बार बेगूसराय सीट से विधायक चुने गए. वे यहां से 6 बार विधायक रहे. 2014 के लोकसभा चुनाव में बेगूसराय सीट पर उन्होंने जीत दर्ज की थी.
नई दिल्ली: बेगूसराय से लोकसभा सांसद 82 वर्षीय भोला सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया. पिछले कुछ दिनों से वह बीमार चल रहे थे. उन्हें दिल्ली के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यहीं पर उन्होंने अंतिम सांस ली. 1967 में भोला सिंह पहली बार बेगूसराय सीट से विधायक चुने गए. वे यहां से 6 बार विधायक रहे. 2014 के लोकसभा चुनाव में बेगूसराय सीट पर उन्होंने जीत दर्ज की थी. 3 जनवरी 1939 को जन्मे भोला सिंह भाजपा में आने से पहले कम्यूनिस्ट पार्टी, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकदल जैसी पार्टियों में भी रहे. 1972 में सीपीआई के चुनाव चिन्ह पर चुने गए. इसके बाद 1977 में वह कांग्रेस में चले गए. कांग्रेस की सरकार में वह बिहार में मंत्री भी रहे. 1990 और 95 में वह आरजेडी के टिकट पर जीते. इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लोकसभा सदस्य भोला सिंह के निधन पर दुख जताया. प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘ बेगूसराय से लोकसभा सदस्य श्री भोला सिंह जी के निधन से दुखी हूं. उन्हें समाज की उत्कृष्ट सेवा और बिहार के विकास की दिशा में प्रयासों के लिए याद किया जाएगा.’ मोदी ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं सिंह के परिवार और समर्थकों के साथ हैं.
Anguished by the demise of Lok Sabha MP from Begusarai, Shri Bhola Singh Ji. He will be remembered for his outstanding service to society and efforts towards the development of Bihar. My thoughts are with his family and supporters in this hour of grief.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 19, 2018
82 वर्षीय सांसद का यहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया. उन्हें तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था.लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी मृत्यु बिहार के लिए बड़ी क्षति है. उन्होंने कहा कि सिंह सामाजिक कार्य में सक्रियता से भाग लेते थे और उनके जाने से इस क्षेत्र को भी बड़ा नुकसान हुआ है.केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी सिंह के निधन पर शोक जताया है.
भोला सिंह लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘स्मार्ट सिटी’ की उपयोगिता पर भी सवाल उठाए थे. भोला सिंह ने प्रधानमंत्री की मौजूदगी में कहा था कि स्मार्ट सिटी परियोजना से पहले से विकसित शहरों का ही विकास होगा, पिछड़े शहरों और अति विकसित शहरों के बीच खाई बढ़ेगी और विषमताओं के पहाड़ खड़े होंगे.
2015 के नवंबर में भी जब बिहार चुनाव में बीजेपी की बड़ी हार हुई थी उसके बाद भी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा था कि इन दोनों की चुनावी रणनीति बुरी तरीके से फेल हो गई है. बिहार में हुई चुनावी हार पर भोला सिंह ने यह भी कहा था कि बीजेपी चुनाव में हारी नहीं है बल्कि उसने खुदकुशी की है.
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Bihar की और अन्य ताजा-तरीन खबरें