
Rishabh Kumar
ऋषभ कुमार पाण्डेय डिजिटल मीडिया और खबरों की दुनिया में एक साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं. ऋषभ टेक और Off-Beat से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी रखते ... और पढ़ें
आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे, तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव, गुरुवार को एक बार फिर सार्वजनिक रूप से आमने-सामने नजर आए. यह मुलाकात दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई, जहां नौकरी के बदले जमीन मामले में लालू परिवार के सदस्यों की पेशी थी. हालांकि दोनों भाई एक ही जगह मौजूद थे, लेकिन उनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई. तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी से दूरी बनाए रखी, जिससे दोनों के बीच चल रही तल्खी एक बार फिर साफ दिखाई दी.
राउज एवेन्यू कोर्ट के कोर्ट नंबर 410 में इस मामले की सुनवाई हो रही थी. अदालत में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव को पेश होना था. सीबीआई की चार्जशीट पर कोर्ट को फैसला सुनाना था. सुनवाई के दौरान लालू, राबड़ी और तेज प्रताप समय पर पहुंच गए, जबकि तेजस्वी यादव और मीसा भारती थोड़ी देर से पहुंचे. इसके बाद कोर्ट ने फैसला सुनाया कि इस मामले में नामजद लालू परिवार के सभी सदस्यों के खिलाफ मुकदमा चलेगा.
कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने के बाद तेज प्रताप यादव बाहर निकलकर पार्किंग की ओर जाने लगे. चूंकि कोर्ट चौथी मंजिल पर है, वे लिफ्ट का इंतजार कर रहे थे. तभी लिफ्ट के दरवाजे खुले और उससे तेजस्वी यादव बाहर निकले. करीब आठ महीनों से अलग-थलग चल रहे दोनों भाइयों की नजरें मिलीं. इस दौरान तेजस्वी यादव ने सहजता से बड़े भाई से पूछा, “कैसे हो भाई?” लेकिन तेज प्रताप यादव ने कोई जवाब नहीं दिया. वे चुपचाप लिफ्ट की ओर बढ़ गए और नजरें झुका लीं.
इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद लोगों ने गौर से देखा. तेज प्रताप के चुप रहने से यह साफ झलका कि दोनों भाइयों के रिश्तों में अभी भी तनाव बना हुआ है. लोगों को लगा कि तेज प्रताप अपने छोटे भाई से नाराज हैं. इससे पहले भी बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पटना एयरपोर्ट पर दोनों भाई सार्वजनिक रूप से आमने-सामने आए थे, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था. उस समय भी उनके बीच कोई खास बातचीत नहीं हुई थी.
फिर आमने सामने हुए तेज प्रताप और तेजस्वी यादव pic.twitter.com/q79JkzQ2xW
— Rishabh Pandey (@Rishabh12849842) January 9, 2026
गौरतलब है कि पिछले साल मई में शादी से जुड़े विवाद के बाद लालू यादव ने तेज प्रताप यादव को न सिर्फ पार्टी से, बल्कि परिवार से भी अलग कर दिया था. इसके बाद से तेज प्रताप अपने माता-पिता और परिवार से अलग रह रहे हैं. हालांकि नए साल पर उन्होंने पटना में अपनी मां राबड़ी देवी से मुलाकात की थी. दिल्ली में कोर्ट की सुनवाई के बाद तेज प्रताप ने अपने पिता लालू यादव से भी मुलाकात की और उन्हें 14 जनवरी को पटना में होने वाले चूड़ा-दही भोज का निमंत्रण दिया. ऐसे में परिवार के रिश्तों में आगे क्या बदलाव आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Bihar की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.