नई दिल्ली. बिहार के पूर्व मंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजप्रताप यादव पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक परिदृश्य से गायब थे. लेकिन शुक्रवार की रात अपने चिर-परिचित अंदाज में एक बार फिर तेजप्रताप प्रकट हुए. पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने के मुद्दे पर परिवारवालों के साथ अनबन से नाराज तेजप्रताप कुछ दिनों के लिए पटना से बाहर चले गए थे. इस दौरान उनके मथुरा, हरिद्वार आदि शहरों में मंदिरों में जाने की खबरें आती रहीं. ऐसे में बिहार के राजनीतिक गलियारों में इस बात के कयास लगने लगे थे कि कहीं तेजप्रताप यादव सक्रिय राजनीति से दूर तो नहीं हो रहे हैं. लेकिन शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर तेजप्रताप यादव ने कहा- ‘हिम्मत जुनून हौंसला आज भी वही है मैंने जीने का तरीका बदला है तेवर नहीं…’. इससे एक बार इन कयासों को बल मिलने लगा है कि तेजप्रताप यादव राजनीतिक जीवन में लौटने वाले हैं.
तलाक की अर्जी वापस नहीं लेंगे लालू के बेटे तेजप्रताप, जनवरी 2019 में होगी अगली सुनवाई
पिछले महीने 29 नवंबर को तेजप्रताप यादव और उनकी पत्नी ऐश्वर्या के बीच तलाक के मामले की पटना की एक अदालत में सुनवाई हुई थी. इस दौरान अदालत की सुनवाई से कुछ देर पहले तेजप्रताप अचानक पहुंचे और सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि वे अपनी बात पर कायम हैं. तेजप्रताप के इस दौरे की खासियत यह रही कि वे पटना आकर भी अपने घर नहीं गए और न ही किसी से मुलाकात की. बता दें कि तेजप्रताप यादव की शादी राजद के दिग्गज नेता चंद्रिका राय की बेटी से हुई है. इसी साल हुई शादी के कुछ ही महीने बाद तेजप्रताप ने ऐश्वर्या से तलाक लेने का एलान कर दिया. लेकिन घर में न तो उनकी मां राबड़ी देवी और न ही चारा घोटाला मामले में जेल में बंद लालू यादव ने उनको इस बात की सहमति दी. इस पर तेजप्रताप घरवालों को बिना कुछ बताए चले गए.
हिम्मत जुनून हौंसला आज भी वही है मैंने जीने का तरीका बदला है तेवर नही…. pic.twitter.com/czIdSYEmsj
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) December 14, 2018
पिता लालू प्रसाद द्वारा भी तलाक के मुद्दे पर समर्थन न मिलने से नाराज तेजप्रताप वृंदावन चले गए. वृंदावन में उनकी गले में कंठी पहने और माथे पर तिलक लगाए तस्वीर मीडिया में आने के बाद जब उनसे घर लौटने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे शांति की तलाश में हैं. इसके बाद तेजप्रताप यादव के हरिद्वार में होने की खबरें आईं. यहां तक कि वे भाईदूज त्योहार के मौके पर दिल्ली नहीं आए. इसके बाद उन्हें तलाक मामले की सुनवाई के दौरान पटना में ही देखा गया था. इसके कई दिनों बाद जब शुक्रवार को उनका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, तब फिर एक बार तेजप्रताप के घर लौटने की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं. इस वीडियो में तेजप्रताप ने कई तस्वीरें शामिल की हैं, जिसमें वे तेजस्वी यादव, शत्रुघ्न सिन्हा और कई अन्य हस्तियों के साथ दिख रहे हैं.
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.