A Golden Year For Real Estate Investment With Record Sales And Price Surge
रियल एस्टेट में निवेश का सुनहरा मौका: बिक्री का बना रिकॉर्ड और कीमतों में तेजी
2024 में रियल एस्टेट में निवेश फायदेमंद साबित हो सकता है. प्रमुख शहरों में बिक्री और कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई, खासकर दिल्ली-एनसीआर में. त्योहारी सीजन और मांग के चलते बाजार मजबूत बना हुआ है.
अगर आप प्रॉपर्टी में निवेश का विचार कर रहे हैं, तो यह साल आपके लिए शानदार साबित हो सकता है. देश के सात प्रमुख आवासीय बाजारों में 2024 के दौरान 5.10 लाख करोड़ रुपये मूल्य के करीब 3.05 लाख घर बिकने का अनुमान है. ये सात शहर दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद हैं. रियल एस्टेट परामर्शदाता जेएलएल इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, साल के अंत तक 48.5 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र में 5,10,000 करोड़ रुपये के घरों की बिक्री की संभावना है.
त्योहारी सीजन में बढ़ी मांग
जेएलएल इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 के पहले नौ महीनों (जनवरी से सितंबर) में शीर्ष सात शहरों में 2,30,000 घर बिके, जिनकी कुल कीमत करीब 3.80 लाख करोड़ रुपये रही. त्योहारी सीजन के चलते चौथी तिमाही में भी आवासीय बिक्री के मजबूत रहने की उम्मीद जताई गई है. इस वृद्धि का श्रेय त्योहारी ऑफर्स, खरीदारों के सकारात्मक दृष्टिकोण और कम ब्याज दरों को दिया जा रहा है.
दिल्ली-एनसीआर में सबसे तेज उछाल
हाल ही में जारी ‘हाउसिंग प्राइस-ट्रैकर रिपोर्ट Q3 2024’ के अनुसार, देश के आठ प्रमुख शहरों में आवासीय कीमतों में औसतन 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. दिल्ली-एनसीआर ने इसमें सबसे बड़ी छलांग लगाई है, जहां आवासीय कीमतों में सालाना 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. इसके बाद बेंगलुरु में 24 प्रतिशत और हैदराबाद में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई.
लगातार 15वीं तिमाही में बढ़ी कीमतें
2021 से लेकर अब तक लगातार 15 तिमाही में आवासीय कीमतों में वृद्धि देखी गई है. रियल एस्टेट क्षेत्र में इस स्थिरता ने निवेशकों और खरीदारों दोनों का भरोसा बढ़ाया है. विशेषज्ञों का कहना है कि मजबूत मांग और सीमित आपूर्ति के चलते कीमतों में यह बढ़ोतरी जारी रह सकती है.
बाजार में निवेशकों की बढ़ी रुचि
रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान समय निवेश के लिए बेहद अनुकूल है. तेजी से बढ़ती मांग और बढ़ती कीमतें निवेशकों को उच्च रिटर्न का आश्वासन दे रही हैं. त्योहारी सीजन और आर्थिक स्थिरता के चलते रियल एस्टेट बाजार में एक सकारात्मक माहौल बना हुआ है.
गौरतलब है कि रियल एस्टेट बाजार में 2024 अब तक का सबसे मजबूत साल साबित हो रहा है. अगर आप संपत्ति खरीदने या निवेश का विचार कर रहे हैं, तो मौजूदा समय आपके लिए सुनहरा अवसर है. मजबूत मांग, बढ़ती कीमतें और निवेश पर उच्च रिटर्न इसे एक परफेक्ट विकल्प बनाते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Business Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.