
Manoj Yadav
'बिजनेस' की खबरों में खास रुचि रखने वाले मनोज यादव को 'पॉलिटिकल' खबरों से भी गहरा लगाव है. ये इंडिया.कॉम हिंदी के बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. इनके पास ... और पढ़ें
भारत में निवेश को अधिक समावेशी और सुलभ बनाने के उद्देश्य से SBI म्यूचुअल फंड ने सोमवार को एक नई व्यवस्थित निवेश योजना (SIP) ‘जननिवेश SIP’ लॉन्च की. इस योजना की खासियत यह है कि निवेशक अब केवल ₹250 मासिक से निवेश शुरू कर सकते हैं. यह कदम खासतौर पर छोटे बचतकर्ताओं, पहली बार निवेश करने वालों और असंगठित क्षेत्र के लोगों को ध्यान में रखकर उठाया गया है.
इस नई योजना की शुरुआत भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच की मौजूदगी में की गई. बुच ने इस पहल को अपने “सबसे प्यारे सपनों” में से एक बताया और कहा कि यह सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि हर तबके को वित्तीय समावेशन से जोड़ने का प्रयास है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे भारत आर्थिक रूप से आगे बढ़ रहा है, निवेश के अवसर भी सभी के लिए समान रूप से उपलब्ध होने चाहिए.
आमतौर पर, SIP में न्यूनतम निवेश राशि ₹500 होती है, जो कुछ योजनाओं में ₹100 तक भी हो सकती है. लेकिन SBI म्यूचुअल फंड ने इसे और भी सुलभ बनाते हुए ₹250 के न्यूनतम निवेश के साथ SIP लाने का फैसला किया है, जिससे हर तबके के लोग इसमें भाग ले सकें.
इस निवेश योजना को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया गया है. निवेशक SBI योनो ऐप, पेटीएम, जेरोधा और ग्रो जैसे वित्तीय प्रौद्योगिकी मंचों के माध्यम से इसमें निवेश कर सकते हैं. इससे गांवों, कस्बों और छोटे शहरों में रहने वाले निवेशकों को भी आसानी से इसमें भाग लेने का मौका मिलेगा.
बुच ने बताया कि मौजूदा निवेश उत्पादों में लाभ में आने (ब्रेक-ईवन) की अवधि अधिक होती है, जिससे निवेशक हतोत्साहित होते हैं. जननिवेश SIP को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसका ब्रेक-ईवन पीरियड केवल 2-3 साल तक सीमित रहे, जिससे निवेशकों को जल्दी लाभ मिल सके.
SBI म्यूचुअल फंड के प्रबंध निदेशक और सीईओ नंद किशोर ने बताया कि यह योजना डिजिटल तकनीक और कम प्रवेश बाधाओं के माध्यम से पहली बार निवेश करने वालों को आकर्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
SBI के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने कहा कि भारत वित्तीय समावेशन के नए चरण में प्रवेश कर रहा है, जहां नवाचार और समावेशिता महत्वपूर्ण हैं. बैंक का ध्यान ऐसे उत्पादों और प्रक्रियाओं के विकास पर है, जो निवेश को और अधिक सहज और प्रभावी बनाए.
इस योजना के जरिए छोटे बचतकर्ता और असंगठित क्षेत्र के लोग भी अब म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकते हैं और लंबे समय में अपने वित्तीय लक्ष्यों को पूरा कर सकते हैं. कम राशि के साथ निवेश की शुरुआत कर, वे धीरे-धीरे अपने पोर्टफोलियो को बढ़ा सकते हैं.
गौरतलब है कि SBI म्यूचुअल फंड की जननिवेश SIP योजना भारत में छोटे निवेशकों और पहली बार निवेश करने वालों के लिए एक क्रांतिकारी पहल साबित हो सकती है. यह सिर्फ एक फाइनेंशियल प्रोडक्ट नहीं, बल्कि एक बड़ा कदम है, जो निवेश को सभी के लिए किफायती और सुगम बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Business Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.