वित्तीय क्षेत्र के संकट, व्यापार युद्ध की चिंता के बीच सेंसेक्स 199 अंक टूटा, इनको हुआ फायदा

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 46.80 अंक या 0.41 प्रतिशत के नुकसान से 11,313.10 अंक पर आ गया.

Published date india.com Published: October 3, 2019 5:07 PM IST
Sensex

मुंबई: बंबई शेयर बाजार सेंसेक्स में बृहस्पतिवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट का सिलसिला जारी रहा. वित्तीय क्षेत्र के संकट और व्यापार युद्ध को लेकर चिंता के बीच सेंसेक्स में 199 अंक की और गिरावट दर्ज हुई. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स नकारात्मक रुख के साथ खुला. कारोबार के दौरान यह 38,310.93 अंक से 37,957.56 अंक के दायरे में रहा.

अंत में सेंसेक्स 198.54 अंक या 0.52 प्रतिशत के नुकसान से 38,106.87 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 46.80 अंक या 0.41 प्रतिशत के नुकसान से 11,313.10 अंक पर आ गया. मुख्य रूप से धातु और बैंक शेयरों में नुकसान की वजह से बाजार में गिरावट रही.

अमेरिका ने यूरोपीय सामान पर नया शुल्क लगाने की घोषणा की है. इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. अमेरिका की इस घोषणा के बाद वैश्विक बाजार दबाव में रहे. सेंसेक्स की कंपनियों में वेदांता में सबसे अधिक 4.66 प्रतिशत का नुकसान रहा. टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारती एयरटेल के शेयर 3.36 प्रतिशत तक टूट गए.

वहीं दूसरी ओर यस बैंक का शेयर 33 प्रतिशत चढ़ गया. इससे पिछले पांच दिन यस बैंक के शेयर में गिरावट आई थी. बैंक ने कहा है कि उसकी वित्तीय स्थिति मजबूत है तथा नकदी की स्थिति नियामकीय जरूरत से अधिक है. इसके बाद बैंक के शेयर में जोरदार उछाल आया. टाटा मोटर्स, आईटीसी, एचसीएल टेक, पावरग्रिड और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 6.16 प्रतिशत तक चढ़ गए. एशियाई बाजारों में गिरावट का रुख रहा.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Business Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.