माझी लाडकी बहिन से लेकर लक्खी भंडार तक... सिर्फ महिलाओं के लिए चलती हैं ये योजनाएं, जानें किस राज्य में मिलते हैं कितने रुपये

नवंबर 2023 से नवंबर 2024 के बीच 13 राज्यों में चुनाव हुए. इनमें 9 में मध्य प्रदेश की‘लाडली बहना’ जैसी स्कीम लागू की गई या लागू करने का वादा किया गया. चुनाव में जिस पार्टी को जीत मिली, उसमें इन योजनाओं का योगदान भी रहा.

Written by: Anjali Karmakar
Updated: June 5, 2025, 9:41 PM IST

हाल के समय में चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों का अप्रोच बदला है. पार्टियों को ‘आधी आबादी’ के तौर पर चुनाव जीतने का जैसे नया फॉर्मूला मिल गया है. शायद इसलिए किसी राज्य के चुनाव से पहले अलग-अलग राजनीतिक पार्टियां महिलाओं के लिए खास योजनाओं का ऐलान करती हैं. नवंबर 2023 से नवंबर 2024 के बीच 13 राज्यों में चुनाव हुए. इनमें 9 में मध्य प्रदेश की‘लाडली बहना’ जैसी स्कीम लागू की गई या लागू करने का वादा किया गया. चुनाव में जिस पार्टी को जीत मिली, उसमें इन योजनाओं का योगदान भी रहा. हम आपको इस आर्टिकल में ऐसी ही कुछ योजनाओं के बारे में बताने जा रहे हैं:-

महिला समृद्धि योजना (दिल्ली BJP सरकार)
दिल्ली की गरीब और वंचित तबके की महिलाओं के लिए BJP सरकार ने दिसंबर 2024 में इस योजना का ऐलान किया था. दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान BJP ने अपने संकल्प पत्र में इस योजना का जिक्र किया था. 8 मार्च 2025 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला समृद्धि योजना की शुरुआत की. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 की राशि दी जाएगी. अभी इसके लिए रजिस्ट्रेशना का काम शुरू नहीं हुआ है.

सुभद्रा योजना (ओडिशा BJP सरकार)
ओडिशा में सरकार बनाने के बाद भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के लिए खास योजना चला रही है. इस योजना का नाम भगवान जगन्नाथ की छोटी बहन देवी सुभद्रा के नाम पर रखा गया है. 17 सितंबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन के मौके पर ‘सुभद्रा योजना’ की शुरुआत की थी.ये महिलाओं के बीच आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए ओडिशा सरकार की एक कल्याणकारी योजना है. इसके जरिए महिलाएं अपना बिजनेस शुरू कर अपने आपको आत्मनिर्भर बना सकती हैं. इस योजना के जरिए पात्र महिलाओं के अकाउंट में दो किस्तों में 10 हजार रुपये भेजे जाते हैं. महीने का हिसाब लगाएं तो ये 833 रुपये होते हैं. इस योजना को 5 सालों के लिए शुरू किया गया है. इस तरह से इस योजना की पात्र महिलाओं को कुल 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी.

मंईयां सम्मान योजना (झारखंड JMM सरकार)
ये झारखंड सरकार की सबसे चर्चित योजना है. मुख्यमंत्री हेमंत सरकार के नेतृत्व वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार ने जून 2024 को मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत की थी.शुरुआत में इस योजना के लिए महिलाओं की उम्र 21 साल से 50 वर्ष तक की गई थी, लेकिन इसमें बदलाव करते हुए उम्र 18 साल से 50 वर्ष कर दी गई. इस योजना के तहत पहले पात्र महिलाओं को 1000 रुपये मिलते थे. दिसंबर 2025 से ये रकम 2500 कर दी गई है. इस स्कीम के लिए झारखंड की मूल निवासी, SC/ST, पिछड़ा वर्ग और गरीबी रेखा से नीचे गुजारा करने वाली महिलाएं अप्लाई कर सकती हैं.

माझी लाडकी बहिन योजना (महाराष्ट्र महायुति सरकार)
महाराष्ट्र में महायुति सरकार (BJP, अजित पवार गुट और एकनाथ शिंदे गुट) ने 28 जून 2024 को इस योजना की शुरुआत की थी. इसके तहत 21 से 65 साल की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाते हैं. सरकार ने इसके लिए 46,000 करोड़ रुपये का बजट रखा है. इस स्कीम में राज्य के बजट का करीब 7.6% खर्च हो रहा है. इस योजना से 2.34 करोड़ महिलाओं को फायदा हो रहा है.

लाडली बहना स्कीम (मध्य प्रदेश BJP सरकार)
महिलाओं को हर महीने कैश देने की स्कीम का सिलसिला मध्य प्रदेश से ही शुरू हुआ था. 15 मार्च 2023 को विधानसभा चुनाव से 8 महीने पहले शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना लॉन्च की. इस स्कीम के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1250 रुपये मिलते हैं. 10 जून 2023 को इसकी पहली किस्त जारी हुई. चुनाव से पहले कुल 6 किस्तें प्रदेश की लाड़ली बहनों के खाते में पहुंच गई थी. करीब 1.2 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को इसका फायदा हो रहा है.

महतारी वंदन योजना (छत्तीसगढ़ BJP सरकार)
मध्य प्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी BJP सरकार ने जनवरी 2024 से महतारी वंदन योजना शुरू की. इस योजना के दायरे में 70 लाख महिलाएं आती हैं. इन्हें सरकार की तरफ से हर महीने 1000 रुपये दिए जाते हैं. सरकार ने इसके लिए सालाना 4900 करोड़ का बजट रखा है.

लाडो लक्ष्मी योजना (हरियाणा BJP सरकार)
हरियाणा में सरकार बनाने के बाद BJP ने इस योजना की शुरुआत की थी. इसके तहत जरूरतमंद महिलाओं के खाते में 2100 रुपये भेजे जाने की योजना है. सीएम नायब सिंह सैनी ने इसके लिए 5000 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा की है. जल्द ही लाडो लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन फॉर्म भरने शुरू हो सकते हैं.

प्यारी बहन सुख सम्मान निधि योजना (हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सरकार)
ये हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की योजना है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फरवरी 2024 में इसकी शुरुआत की थी. इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाते हैं. प्रदेश में 8 लाख से ज्यादा महिलाओं ने 1500 रुपए की मासिक पेंशन पाने के लिए आवेदन किया है. जिसमें से अभी तक 30,929 महिलाओं को ही योजना का लाभ मिला है. जिस पर सरकार ने 20.99 करोड़ खर्च किए हैं.

गृहलक्ष्मी योजना(कर्नाटक कांग्रेस सरकार)
ये भी कांग्रेस की योजना है. इसे कर्नाटक में शुरू किया गया है. इसके तहत पात्र महिलाओं के खाते में हर महीने 2000 रुपये डाले जाते हैं. इस योजना की शुरुआत अगस्त 2023 में हुई थी. इस योजना से राज्य की लगभग 1.28 करोड़ महिलाओं को लाभ मिलेगा.

लक्खी भंडार (पश्चिम बंगाल TMC सरकार)
ये पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार की योजना है. इस स्कीम को फरवरी 2021 में शुरू किया गया था. इस स्कीम के तहत पात्र महिलाओं को 1200/1000 रुपये की मदद मिलती है.

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Business Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.