Uttar Pradesh Budget 2025: उत्तर प्रदेश का 8.08 लाख करोड़ रुपये का बजट: विकास और तकनीक पर फोकस

Written By: Manoj Yadav Updated by: Manoj Yadav
Updated Date:February 20, 2025 12:45 PM IST

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 8.08 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसमें विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी प्रगति पर जोर दिया गया. महाकुंभ, स्मार्ट क्लासरूम और 'एआई सिटी' जैसी योजनाएं प्रमुख रहीं.

Uttar Pradesh Budget 2025: उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8,08,736 करोड़ रुपये का बजट पेश किया. इस बजट को उन्होंने जनहितकारी’ बताते हुए कहा कि इसमें समाज के हर वर्ग—गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, महिला, युवा और आम नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है.

Advertising
Advertising

बजट से पहले पूजा-अर्चना और कैबिनेट बैठक

बजट पेश करने से पहले सुरेश खन्ना ने अपने आवास पर पूजा-अर्चना की और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स’ पर साझा कीं. उन्होंने लिखा, ''उत्तर प्रदेश सरकार के बजट 2025-26 की प्रस्तुति से पूर्व आराध्य का पूजन-अर्चन कर सभी के कल्याण की कामना की.'' मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने आवास पर कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक की और बजट पर चर्चा की.

बजट में मुख्य फोकस

वित्त मंत्री ने बजट में अनुसंधान और विकास, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर देने की घोषणा की.

  • विकास कार्यों पर 22% बजट
  • शिक्षा क्षेत्र के लिए 13% आवंटन
  • कृषि और संबद्ध सेवाओं के लिए 11% राशि
  • स्वास्थ्य क्षेत्र को 6% बजट का प्रावधान

अनुसंधान और टेक्नोलॉजी को नई दिशा

वित्त मंत्री खन्ना ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिटी’ के निर्माण और टेक्नोलॉजी रिसर्च ट्रांसलेशन पार्क’ की स्थापना की घोषणा की. ये दोनों प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश को एक तकनीकी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होंगे.

महाकुंभ और सांस्कृतिक विकास

अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री ने महाकुंभ का भी उल्लेख किया और इसे भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से उत्तर प्रदेश को वैश्विक पहचान मिलेगी और राज्य की आर्थिक व सांस्कृतिक मजबूती को बढ़ावा मिलेगा.

शिक्षा और अधुनिकीकरण पर जोर

राज्य सरकार ने बजट में स्कूलों और पॉलिटेक्निक संस्थानों में स्मार्ट क्लासरूम और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं के विकास की योजना बनाई है. इसके साथ ही विधानसभा के आधुनिकीकरण का भी प्रस्ताव रखा गया है.

बजट का आकार और बढ़ोतरी

खन्ना ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 का कुल बजट 2024-25 की तुलना में 9.8% अधिक है. पिछला बजट 7,36,437 करोड़ रुपये का था, जिसमें 24,863.57 करोड़ रुपये की नई योजनाएं जोड़ी गई थीं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई

वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि यह उनका नौवां बजट है, और उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है. उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल राज्य के आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए नए अवसर भी लेकर आएगा.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें