डॉलर के मुकाबले लगातार क्यों कमजोर हो रहा रुपया? सबसे निचले स्तर पर हुआ बंद- जानिये क्या कहते हैं एक्सपर्ट

Rupee Vs Dollar: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया इस साल अब तक 6 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है. पिछले छह कारोबारी सत्र में यह लगभग 2 फीसदी कमजोर हुआ है.

Written by: Parinay Kumar
Published: May 15, 2026, 8:15 PM IST

Rupee Vs Dollar: क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतों के बीच रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गया है. शुक्रवार (15 मई) को भारतीय रुपया 22 पैसे टूटकर सर्वकालिक निचले स्तर 95.86 पर बंद हुआ. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक,’कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं के कारण रुपये पर लगातार दबाव बढ़ा है. कारोबार के दौरान एक समय यह 96 प्रति डॉलर के से नीचे चला गया था. रुपया इस साल अब तक छह फीसदी से अधिक टूट चुका है और पिछले छह कारोबारी सत्र में यह लगभग 2 फीसदी कमजोर हुआ है.

क्यों कमजोर होता जा रहा रुपया?

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, वैश्विक अनिश्चितताओं, अपेक्षाकृत उच्च मूल्यांकन और AI-आधारित निवेश अवसरों की कमी ने पूंजी प्रवाह पर दबाव डाला है. इसके अलावा, कमजोर शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश से भुगतान संतुलन पर दबाव पड़ने की संभावना है, जबकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें मुद्रास्फीति की चिंताओं को बढ़ा रही हैं. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.86 प्रति डॉलर पर खुला. कारोबार के दौरान यह पिछले बंद भाव से 50 पैसे टूटकर 96.14 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया था.

डॉलर के मुकाबले कितना मजबूत है रुपया?

अंततः रुपया 95.86 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 22 पैसे की गिरावट है. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप से इसे कुछ सहारा मिला. इससे पहले गुरुवार (14 मई) को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.96 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया था. हालांकि, अंत में 2 पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.64 पर बंद हुआ था.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

न्यूज एजेंसी PTI ने मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी के हवाले से बताया, ‘हमारा अनुमान है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं के बीच रुपये में गिरावट जारी रहेगी. मजबूत डॉलर और विदेशी पूंजी की निकासी से भी रुपये पर दबाव पड़ सकता है. हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक का कोई भी हस्तक्षेप और सोने-चांदी पर आयात शुल्क में बढ़ोतरी निचले स्तरों पर रुपये को सहारा दे सकती है. डॉलर के मुकाबले रुपया का हाजिर भाव 95.60 से 96.20 के बीच रह सकता है.’

आज कैसा रहा शेयर बाजार?

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.15 पर रहा. घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 160.73 अंक टूटकर 75,237.99 अंक, जबकि निफ्टी 46.10 अंक फिसलकर 23,643.50 अंक पर बंद हुआ. अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 3.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 109.04 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) गुरुवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 187.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.

(इनपुट: PTI)

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Business Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.