CBSE Class 10th Results 2020: सीबीएसई 10वीं में सरकारी स्कूलों का रहा दबदबा, जानिए किस संस्थान क्या रहा पास प्रतिशत
CBSE Class 10th Results 2020: सीबीएसई 10 वीं की परीक्षा में कुल 2.23% छात्रों या 41,804 छात्रों ने 95% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं.
प्रतीकात्मक तस्वीर
CBSE Class 10th Results 2020: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने आज बुधवार को सीबीएसई कक्षा 10 वीं का रिजल्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किया है. इस परीक्षा में कुल 91.46% छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है. सरकारी संस्थानों में से केंद्रीय विद्यालय कक्षा 10वीं की परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले 99.23% छात्रों के साथ शीर्ष स्थान पर है. परीक्षा में उत्तीर्ण 98.66% छात्रों के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय दूसरे स्थान पर है.
सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड रिजल्टों में उच्चतम पास प्रतिशत त्रिवेंद्रम रीजन द्वारा दर्ज किया गया है, जहां 99.28% छात्र उत्तीर्ण हुए हैं. इसके बाद क्रमशः 98.95 और 98.23 पास प्रतिशत के साथ चेन्नई और बेंगलुरु रीजन हैं. परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले 98.05% छात्रों के साथ पुणे क्षेत्र चौथे स्थान पर है और अजमेर 96.93% अंकों के साथ 5 वें स्थान पर आया है.
पिछले वर्ष के 91.10% की तुलना में 0.36% प्रतिशत की वृद्धि हुई है. इस साल लड़कियों ने 93.31 के पास प्रतिशत के साथ लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 90.14% है. सीबीएसई 10 वीं की परीक्षा में कुल 2.23% छात्रों या 41,804 छात्रों ने 95% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें