गूगल के साथ काम करने का शानदार मौका, मिलेगा 11 लाख का स्टाइपेंड; जानिए कैसे करें अप्लाई
Google Job: गूगल समर 2026 पब्लिक पॉलिसी फेलोशिप के लिए आवेदन शुरू. छात्रों को वाशिंगटन डीसी में काम करने का मौका मिलेगा.
Updated Date:March 13, 2026 11:05 PM IST
By Rishabh Kumar Edited By Rishabh Kumar
Google Job: दुनिया की बड़ी टेक कंपनी Google के साथ काम करना बहुत से युवाओं का सपना होता है. अगर आप भी टेक्नोलॉजी और इंटरनेट से जुड़े काम में दिलचस्पी रखते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. गूगल ने “यूनाइटेड स्टेट्स पब्लिक पॉलिसी फेलोशिप फॉर समर 2026” के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं. इस फेलोशिप के जरिए छात्रों को अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में काम करने का मौका मिलेगा. इच्छुक छात्र 9 अप्रैल 2026 तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं.
फेलोशिप में क्या काम करना होगा
इस फेलोशिप के दौरान चुने गए छात्रों को उन संगठनों के साथ काम करने का मौका मिलेगा, जो इंटरनेट और टेक्नोलॉजी से जुड़ी नीतियों पर काम करते हैं. यहां फेलो को एक अनुभवी मेंटर की देखरेख में काम करना होगा. उन्हें सीनियर स्टाफ के साथ मिलकर पॉलिसी रिसर्च करना, रिपोर्ट तैयार करना और टेक्नोलॉजी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा में हिस्सा लेना होगा. इस दौरान छात्रों को यह समझने का मौका मिलेगा कि टेक्नोलॉजी और इंटरनेट से जुड़ी नीतियां कैसे बनती हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस फेलोशिप की खास बात यह है कि अलग-अलग विषयों में पढ़ाई कर रहे छात्र भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए. जो छात्र बैचलर्स, पोस्टग्रेजुएशन या पीएचडी कर रहे हैं, वे इसमें अप्लाई कर सकते हैं. इसके साथ ही उम्मीदवार को यह दिखाना होगा कि उसकी टेक्नोलॉजी और इंटरनेट पॉलिसी में रुचि है और अच्छी रिसर्च क्षमता, लेखन कौशल के साथ कम्युनिकेशन स्किल भी जरूरी मानी जाती है.
Also Read
ये भी पढ़े: फुल टाइम जॉब के साथ क्या कर सकते हैं फ्रीलासिंग? जान लीजिए नियम नहीं तो पड़ सकता है पछताना
फेलोशिप में कितना मिलेगा स्टाइपेंड
फेलोशिप के दौरान मिलने वाला स्टाइपेंड उस संगठन द्वारा दिया जाएगा, जहां छात्र काम करेगा. अगर कोई फेलो हफ्ते में 40 घंटे फुल-टाइम काम करता है, तो उसे लगभग 12,000 डॉलर यानी करीब 11 लाख रुपये तक मिल सकते हैं. वहीं अगर कोई छात्र 20 घंटे पार्ट-टाइम काम करता है, तो उसे करीब 6,000 डॉलर यानी लगभग 5.5 लाख रुपये तक का स्टाइपेंड मिल सकता है. स्टाइपेंड से जुड़ी पूरी प्रक्रिया उस संगठन द्वारा संभाली जाती है.
छात्रों के लिए भी मौका
इस फेलोशिप के लिए वे विदेशी छात्र भी आवेदन कर सकते हैं जो इस समय अमेरिका में पढ़ाई कर रहे हैं. इसमें भारतीय छात्र भी शामिल हैं. हालांकि उन्हें यह साबित करना होगा कि वे अमेरिका में कानूनी तौर पर काम कर सकते हैं. उदाहरण के लिए OPT स्टूडेंट्स अपने EAD के जरिए इसकी जानकारी दे सकते हैं. आवेदन करने के लिए छात्रों को गूगल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. यह फेलोशिप जून से अगस्त 2026 तक चलेगी और चयन की जानकारी ईमेल के जरिए दी जाएगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Published Date:March 13, 2026 11:03 PM IST
Updated Date:March 13, 2026 11:05 PM IST