Sarkari Naukri: स्पोर्ट्स अथॉरोटी ऑफ इंडिया और BSNL में निकलीं नौकरियां

Written By: Farha Fatima Updated by: Farha Fatima
Updated Date:June 22, 2026 8:29 AM IST

अगर आप सरकारी नौकरी की तलाश में हैं तो यह मौका आपके लिए है. BSNL में जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर और SAI में असिस्टेंट कोच के पदों पर आवेदन शुरू हो चुके हैं. जानिए योग्यता, उम्र सीमा, सैलरी और आवेदन प्रक्रिया.

  • BSNL ने जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर (JTO) के 100 पदों पर भर्ती निकाली है, जिसमें आवेदन 3 जुलाई तक किए जा सकते हैं.
  • स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) ने असिस्टेंट कोच के 100 पदों पर आवेदन मांगे हैं, अंतिम तिथि 27 जून है.
  • दोनों भर्तियों में योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया अलग-अलग तय की गई है.
  • चयनित उम्मीदवारों को ₹40,500 से लेकर ₹1.12 लाख प्रति माह तक सैलरी मिल सकती है.

Sarkari Naukri: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए गुड न्यूज है. दो सरकारी संस्थानों में सरकारी नौकरियों के लिए वैकेंसी निकली हैं. BSNL और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) ने कुल 200 पदों पर भर्ती निकाली है. इच्छुक उम्मीदवार तय तारीख तक आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं किस संस्थान में किस पद पर नौकरियां निकली हैं.

Advertising
Advertising

बीएसएनएल में नौकरी

भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने सीधी भर्ती कोटा के तहत दूरसंचार क्षेत्र में जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर (जेटीओ) के कुल 100 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इन पदों पर आवेदन के लिए 3 जुलाई तक का अवसर है. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 जून के सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है. एप्लीकेशन फॉर्म बीएसएनएल के ऑफिशियल पोर्टल पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले भरना होगा.एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय कुछ गलती हो जाए तो त्रुटि को सुधार करने का विंडो आधिकारिक वेबसाइट पर 4 जुलाई के सुबह 10 बजे से 11 जुलाई के सुबह 10 बजे तक सक्रिय रहेगा.

इन सबजेक्ट में ग्रेजुएट्स कर सकते हैं अप्लाई

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास केंद्र सरकार/राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान/विश्वविद्यालय से दूरसंचार, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडियो, कंप्यूटर, विद्युत, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), या इंस्ट्रूमेंटेशन विषयों में से किसी एक में इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री या समकक्ष योग्यता या एमएससी (इलेक्ट्रॉनिक्स) या एमएससी (कंप्यूटर विज्ञान) होना चाहिए. वहीं, निर्धारित विषयों में एमटेक की डिग्री प्राप्त कर चुके उम्मीदवार भी अप्लाई कर सकते हैं.

आवेदकों की उम्र

आवेदकों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.

कैसे होगा सेलेक्शन, कितनी सैलरी

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित बहुविकल्पीय वस्तुनिष्ठ प्रकार की परीक्षा, चिकित्सा परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 16,400 से 40,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी. वहीं, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) अगस्त में आयोजित होने की संभावना है.

एप्लीकेशन फीस

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो यूआर/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 2,000 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले उम्मीदवारों के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है.

स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया में असिस्टेंट कोच की 100 वैकेंसी

भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) ने असिस्टेंट कोच के कुल 100 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं. यह पद 3 वर्ष की अवधि के लिए है, जिसे 7 वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है. इन पदों पर 27 जून तक आवेदन कर सकते हैं. ऑफलाइन मोड से आवेदन प्रक्रिया 26 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 जून तय की गई है. एप्लीकेशन फॉर्म अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले भरना होगा.

होने चाहिए ये डिप्लोमा या पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एसएआई एनएस एनआईएस, पटियाला से कोचिंग में डिप्लोमा या समकक्ष (एसएआई से परिभाषित) या किसी अन्य मान्यता प्राप्त भारतीय/विदेशी विश्वविद्यालय/संस्थान से प्राप्त डिप्लोमा या ओलंपिक/पैरालंपिक/एशियाई खेल/विश्व चैंपियनशिप या समकक्ष (एसएआई से परिभाषित) में भागीदारी के साथ कोचिंग में प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम या द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता या भारतीय खेल प्राधिकरण के शासी निकाय द्वारा खेल कोटा भर्ती के संबंध में परिभाषित अनुसार होना चाहिए.

पहले से ये सरकारी नौकरी करने वाले भी कर सकते हैं अप्लाई

इसी के साथ केंद्र सरकार/राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेश प्रशासनों के अधीन कार्यरत अधिकारी जिनके पास पद है या अपने मूल संवर्ग/विभाग में अनुरूप पद या लेवल-5 में कम से कम 6 वर्ष की नियमित सेवा वाले अधिकारी, जिनका वेतनमान 25,500 से 81,100 रुपए है (वेतन बैंड-1, 5,200-20,200 रुपए के साथ 2,800 रुपए ग्रेड वेतन) है, वे इन पोस्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं.

कैंडिडेट्स की उम्र और सैलरी

आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 26 मई के आधार पर की जाएगी. वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन पात्रता जांच, इंटरव्यू और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 35,400 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.

कैसे करना है आवेदन, जान लें पूरा प्रोसेस

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं. होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें. मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें. इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'उप निदेशक (मानव संसाधन विभाग-द्वितीय) का कार्यालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, मुख्यालय, गेट संख्या 10 (पूर्वी द्वार), जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003' के पते पर तय समय सीमा के अंदर पोस्ट से भेज दें.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें