
Farha Fatima
फ़रहा फ़ातिमा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस से ग्रेजुएशन के बाद पत्रकारिता करियर की शुरुआत 2015 में LIVE India में इंटर्नशिप से की. प्रारंभिक दौर में ही उन्होंने जामिया ... और पढ़ें
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सोमवार, 24 फरवरी से शुरू हो गई हैं. प्रदेश भर में 8,140 केंद्रों पर 54 लाख 37 हजार 233 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. यूपी बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल के 27,32,216 और इंटरमीडिएट के 27,05,017 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे. इस बार प्रदेश में 8,140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 576 राजकीय, 3446 अशासकीय सहायता प्राप्त, 4118 स्ववित्तपोषित हैं. 17 जिलों के संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी की जा रही है. एसटीएफ, एलआईयू आदि एजेंसियां परीक्षा को देखते हुए सक्रिय हैं. एसटीएफ और एलआईयू की तैनाती परीक्षा की अवधि तक बनी रहेगी. प्रयागराज में 24 फरवरी को प्रस्तावित यूपी बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. अब यह नौ मार्च को आयोजित होगी.
माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने बताया कि प्रयागराज में 26 फरवरी के महाशिवरात्रि स्नान के कारण श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ एवं यातायात प्रबंधन की दृष्टि से 24 फरवरी को होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को स्थगित किया गया है. 24 फरवरी को होने वाली परीक्षाएं नौ मार्च रविवार को पुनः आयोजित की जाएंगी. यह संशोधन केवल प्रयागराज जनपद के लिए लागू होगा, जबकि अन्य जनपदों में परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होंगी. प्रयाग में 24 फरवरी को जो हाईस्कूल में पहली पाली में हिंदी, प्रारंभिक हिंदी एवं दूसरी पाली में प्रस्तावित हेल्थ केयर की परीक्षा होनी थी, वहीं इंटरमीडिएट की प्रथम पाली में प्रस्तावित सैन्य विज्ञान एवं दूसरी पाली में प्रस्तावित हिंदी एवं सामान्य हिंदी की परीक्षा अब नौ मार्च को होगी.
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था की गई है. इससे परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी. परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रश्न-पत्रों में केंद्रवार कोडिंग की गई है और उत्तर पुस्तिकाओं में विशेष सुरक्षात्मक उपाय जोड़े गए हैं.
परीक्षा संचालन के लिए 8,140 केंद्र व्यवस्थापक, 8,140 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, 8,140 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 1,283 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 439 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. इसके अलावा, 428 सचल दल और 75 राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं. माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 लागू किया गया है. इस अधिनियम के तहत परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.
आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रश्न-पत्रों के अतिरिक्त रिजर्व सेट्स भी तैयार रखे गए हैं, जिन्हें पूर्ण सुरक्षा के साथ स्ट्रांग रूम में रखा गया है. परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की अदला-बदली रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाए गए हैं.
परीक्षा अवधि में छात्रों और अभिभावकों की समस्याओं के समाधान के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608 सक्रिय किए गए हैं. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज का हेल्पलाइन नंबर 18001805310 और 18001805312 रहेगा. ईमेल, फेसबुक, एक्स हैंडल और व्हाट्सएप नंबर 9250758324 के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं. उन्होंने आगे लिखा कि आप सभी पूर्ण आत्मविश्वास, धैर्य और पूरी क्षमता के साथ इस परीक्षा रूपी महोत्सव में सहभाग करें. परीक्षा को अपनी दिनचर्या का एक सहज हिस्सा मानकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करें. मां सरस्वती की कृपा आप सभी पर बनी रहे, आप सभी सफल हों, इस हेतु अनेकानेक मंगलकामनाएं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Career Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.