Abrar Ahmed News: पाकिस्तान के लिए अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेल रहे लेग ब्रेक स्पिनर अबरार अहमद (Abrar Ahmed) ने अपने डेब्यू मैच में ही 5 विकेट लेकर तहलका मचा दिया है. अबरार ने मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के पहले दिन के खेल के दौरान पांच विकेट अपने नाम किए. खास बात यह रही कि दूसरे टेस्ट के पहले दिन पहले सेशन में इंग्लैंड के कुल 5 विकेट गिरे और सभी विकेट लेग ब्रेक स्पिनर अबरार अहमद के खाते में ही गए.
मोहम्मद नवाज ने जैसे ही हैरी ब्रूक्स का कैच लपका अबरार अहमद क्रीज पर सजदे में झुक गए. उन्होंने शायद ही इससे अच्छे डेब्यू की उम्मीद की होगी. अबरार ने अपनी गेंद से इबारत लिख दी. अबरार अहमद को मुल्तान टेस्ट में मौका मिला और उनकी घूमती गेंदों के आगे इंग्लिश बल्लेबाज लाचार नजर आए. अबरार ने पहले सेशन में जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट और हैरी ब्रूक्स के विकेट लिए. पहले दिन लंच तक पाकिस्तान ने पांच विकेट पर 180 रन बना लिए हैं.
ऐसा करने वाले पहले पाकिस्तानी बॉलर बने
अबरार अपने टेस्ट करियर के पहले ही सेशन में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. डेब्यू मैच पर 5 विकेट लेने वाले पाकिस्तानी गेंदबाजों में सिर्फ वहाब रियाज ही ऐसे थे जिन्होंने पहले दिन 5 विकेट लिए हों.वहाब ने 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था.
अबरार की बात करें तो वह शिनकियारी के रहने वाले हैं. एबटाबाद के मनशेरा इलाके के करीब बसा यह छोटा सा गांव आज दुनिया के नक्शे पर है. अबरार के पिता 1977 में कराची शिफ्ट हो गए थे. और यहीं उन्होंने टेप बॉल क्रिकेट से अपने सफर की शुरुआत की थी. अबरार आठ भाई-बहनों (पांच भाई और तीन बहनें) में सबसे छोटे हैं. अबरार अपनी मां के काफी करीब हैं. अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक जब वह नौ साल के हुए तो उनकी मां ने हिफ्ज (कुरआन को कंठस्थ करना) करने के लिए कहा. अगले दो साल तक वह क्रिकेट से दूर रहे.
अब्दुल कादिर को नहीं जानता अबरार
पांच साल पहले पाकिस्तान की नेशनल क्रिकेट अकादमी के तब के मुख्य कोच मुश्ताक अहमद ने 19 साल के एक लड़के अबरार अहमद से पूछा था- ‘क्या तुम अब्दुल कादिर को जानते हो?’ इसके जवाब में उसने कहा था, ‘ये कौन हैं, कभी नाम नहीं सुना.’ इस पर अहमद ने कहा था- ‘तुम लेग स्पिन बोलिंग करते हो और तुम हमारे देश के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ के बारे में नहीं जानते.’
हालांकि अबरार के कोच मोहम्मद मसरूर ने तब अपने शार्गिद का बचाव किया. उन्होंने कहा, ‘उसकी गलती नहीं है. अपनी पूरी जिंदगी वह सुनील नारायण का फैन रहा है. आप उन्हें अब्दुल कादिर को नहीं जानने का दोष नहीं दे सकते.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.