रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद केएल राहुल के कंधों पर है बड़ी जिम्मेदारी: पार्थिव पटेल
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने कहा कि केएल राहुल का टेस्ट औसत भले सिर्फ 36 का है लेकिन वह इन आंकड़ों से कहीं बेहतर बल्लेबाज हैं और अब जब विराट कोहली और रोहित शर्मा संन्यास ले चुके हैं तो उनकी जिम्मेदारी बहुत बढ़ गई है.
केएल राहुल @BCCI/x
रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद बदलाव के दौर से गुजर रही टीम इंडिया में केएल राहुल की जगह ओपनिंग पॉजिशन पर सेट हो गई है. राहुल ऑस्ट्रेलिया दौरे से ही ऊपरी क्रम में बैटिंग करने लगे थे और इंग्लैंड दौरे से पहले जब रोहित और विराट ने टेस्ट से संन्यास का ऐलान कर दिया तो ओपनिंग पर उनकी जगह पक्की हो गई और उन्होंने यहां खुद को बखूबी साबित भी किया. पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल भी उनके अब तक के प्रदर्शन से प्रभावित हैं और उन्होंने इस खिलाड़ी की तारीफ करते हुए कहा कि दो दिग्गजों के संन्यास के बाद अब उनके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है.
जियोहॉटस्टार से बात करते हुए पार्थिव पटेल ने कहा, 'केएल राहुल जिम्मेदारी के साथ शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. रोहित शर्मा और विराट कोहली के संन्यास के बाद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी राहुल पर आ गई है. हम उनके टैलंट को जानते हैं. वह स्पिनरों के खिलाफ गेंद को अपने पास आने देते हैं और अपने पैरों का बेहतरीन इस्तेमाल करते हैं. यह शैली उन पर पूरी तरह से जंचती है. अब सबसे जरूरी चीज है गति पकड़ने की उनकी क्षमता, जिसका जिक्र उन्होंने खुद किया है.'
पार्थिव ने कहा, 'वह शुरुआत में समय लेते हैं. गेंदबाजों और फील्डरों का आकलन करते हैं और फिर आक्रमण करने के लिए सही मौके चुनते हैं. वर्तमान में, टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत लगभग 36 का है. लेकिन वह इस आंकड़ों से कहीं बेहतर बल्लेबाज हैं. इस साल उन्हें निरंतरता बनाए रखते देखना उत्साहजनक है.'
वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में राहुल ने शतक लगाया था. उन्होंने 100 रन की पारी खेली थी. इंग्लैंड दौरे पर राहुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी. पांच टेस्ट मैचों की 10 पारियों में दो शतक और दो अर्धशतक लगाते हुए 532 रन बनाए थे.
केएल राहुल मौजूदा टीम में सबसे अनुभवी बल्लेबाज हैं. रोहित शर्मा की मौजूदगी में राहुल को बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव का सामना करना पड़ता था. कभी ओपनिंग और कभी मध्यक्रम में बल्लेबाजी करनी पड़ती थी. रोहित के संन्यास के बाद राहुल के लिए टेस्ट में सलामी बल्लेबाज की जगह तय हो गई है और वह पूरी जिम्मेदारी के साथ अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. उनका लय में होना भारतीय टीम के लिए अच्छा है. राहुल 64 टेस्ट में 11 शतक और 19 अर्धशतक की मदद से 3,889 रन बना चुके हैं.
(एजेंसी: आईएएनएस)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें