
Ezaz Ahmad
नमस्कार! मैं एजाज अहमद (Ezaz Ahmad), 1 नवंबर 2022 से अब तक India.Com (Zee Media) में स्पोर्ट्स डेस्क पर सीनियर सब एडिटर के पद कार्यरत हूं. मैं पिछले 12 वर्षों ... और पढ़ें
अनुभवी स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन और दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान एलिसा हीली की नाबाद 96 रन की आकर्षक पारी की मदद से यूपी वॉरियर्स (UPW) ने महिला प्रीमियर लीग (WPL 2023) टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) को 42 गेंद शेष रहते हुए 10 विकेट से करारी शिकस्त दी.
आरसीबी की यह लगातार चौथी हार है जिससे उसके आगे बढ़ने की संभावना को करारा झटका लगा है. टीम को अभी भी इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश है. यूपी वॉरियर्स को तीन मैचों में दूसरी जीत मिली है. टीम चार अंकों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं.
हीली ने रचा इतिहास
हीली ने 47 गेंदों पर ही 18 चौकों और एक छक्के की मदद से 96 रनों की मैच विनिंग नाबाद पारी खेली. हीली WPL 2023 में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. इससे पहले ये रिकॉर्ड तहलिया के नाम था, जिन्होंने 90 रन बनाए थे. देविका वैद्य ने 31 गेंदों पर पांच चौकों के सहारे 36 रन की नाबाद पारी खेली.
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 138 रन ही बना सकी. यूपी वॉरियर्स ने इस लक्ष्य को 13 ओवर में ही बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया. हीली ने शुरू से आक्रामक रवैया अपनाकर चौकों की झड़ी लगा दी. पावरप्ले के अंतिम ओवर में उन्होंने श्रेयंका पाटिल पर लगातार तीन चौके लगाए जिससे वारियर्स पहले छह ओवरों में बिना किसी नुकसान के 55 रन बनाने में सफल रहा.
हीली ने 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर रेणुका सिंह के एक ओवर में लगातार चार चौके लगाए। इसके बाद उन्होंने एरिन बर्न्स पर पारी का पहला छक्का भी लगाया. उन्होंने पाटिल पर चौका जड़कर अपना स्कोर 95 और टीम का स्कोर आरसीबी के बराबरी पर पहुंचाया. उन्हें शतक पूरा करने के लिए छक्के की जरूरत थी लेकिन उन्होंने एक रन लेकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया.
RCB के बल्लेबाजों ने फिर किया निराश
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के लिए उतरी आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना केवल चार रन बनाकर राजेश्वरी गायकवाड़ की गेंद पर कवर में कैच दे बैठी. दूसरे छोर पर हालांकि डिवाइन ने शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया.
न्यूजीलैंड की इस बल्लेबाज ने ग्रेस हैरिस के पहले ओवर में चौके और छक्के से शुरुआत की लेकिन जब वह मंधाना के आउट होने के बाद पैरी के साथ मजबूती से पारी आगे बढ़ा रही थी तभी एक्लेस्टोन की गेंद कट करने के प्रयास में बोल्ड हो गई। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया.
पैरी ने भी अंजली सर्वानी पर दो चौके और गायकवाड पर छक्का जड़कर शुरू में अपने इरादे जतला दिए थे. इससे आरसीबी पावर प्ले में 54 रन बनाने में सफल रहा. पैरी ने 35 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन इस बीच कनिका आहूजा (आठ) और हीथर नाइट (एक) उनका साथ नहीं दे पाई.
सोफ़ी एकलस्टन ने चटकाए 4 विकेट
श्रेयंका पाटिल (15) भी तीन चौके जड़ने के बाद एक्लेस्टोन का दूसरा शिकार बनी. पैरी भी 17वें ओवर के शुरू में रन गति तेज करने के प्रयास में दीप्ति शर्मा की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच दे बैठी. दीप्ति ने इसी ओवर में इरिन बर्न्स को बोल्ड किया.
डेथ ओवरों को ध्यान में रखकर रिचा घोष को आठवें नंबर पर उतारा गया लेकिन वह केवल एक रन बनाकर रन आउट हो गई जिससे आरसीबी की रणनीति भी विफल हो गई. आरसीबी ने अंतिम चार ओवरों में केवल 14 रन बनाए और इस बीच पांच विकेट गंवाए.
यूपी वॉरियर्स के लिए सोफ़ी एकलस्टन ने 13 रन देकर 4 विकेट और दीप्ति शर्मा ने 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए. राजेश्वरी गायकवाड़ को भी एक सफलता मिली.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.