26 से 34 साल किसी भी खिलाड़ी का प्राइम होता है, विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास पर क्या बोल गए कपिल देव

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:September 24, 2024 11:28 AM IST

विराट कोहली इस साल नवंबर में 36 साल के हो जाएंगे, जबकि कप्तान रोहित शर्मा 37 साल के हो चुके हैं. ऐसे में कपिल देव की मानें तो दोनों खिलाड़ियों का प्राइम बीत चुका है.

नई दिल्ली. भारत को पहला वर्ल्ड कप खिताब जिताने वाले कप्तान कपिल देव (Kapil Dev) का कहना है कि किसी भी क्रिकेटर का प्राइम टाइम 26 साल से 34 साल की उम्र तक होता है और उसके बाद खिलाड़ी की फिटनेस पर उसका करियर निर्भर करता है. दुनिया के इस महान ऑलराउंडर ने यह बात तब कही, जब उनसे विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास पर सवाल पूछा गया. कपिल ने कहा कि जब तक खिलाड़ी खेल का लुत्फ ले रहे हैं तब तक उन्हें खेलते रहना चाहिए.

Advertising
Advertising

बता दें स्टार बल्लेबाज और टीम इंडिया की रन मशीन विराट कोहली इस साल नवंबर में 36 बरस के हो जाएंगे. वहीं टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा इस साल अप्रैल में 37 साल के हो चुके हैं. दोनों खिलाड़ियों ने इस साल खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. इस खिताब जीतने के साथ ही दोनों ने टी20 फॉर्मेट से अपने-अपने संन्यास का ऐलान कर दिया. लेकिन दोनों ही खिलाड़ी भारत के लिए वनडे और टेस्ट क्रिकेट में बने हुए हैं.

कपिल देव हाल ही में खेल वेबसाइट माय खेल से बातचीत कर रहे थे. यहां उन्होंने इन दोनों की रिटायरमेंट पर अपनी राय रखी. उन्होंने अपनी बात का साफ करने के लिए यहां रवि शास्त्री और सचिन तेंदुलकर का उदाहरण भी रखा.

65 वर्षीय कपिल ने कहा, 'रवि शास्त्री ने बहुत कम उम्र में रिटायरमेंट ले ली थी, जबकि सचिन तेंदुलकर का करियर लंबा रहा. तो यह पूरी तरह किसी खिलाड़ी पर निर्भर करता है कि वह अपने जीवन में किस तरह सोच रहा है. मेरा सोचने का ढंग यह है कि तंदुरुस्त रहिए और तब तक खेलिए, जब तक आप खेल का लुत्फ ले रहे हैं.'

इसके बाद उन्होंने कहा, 'किसी भी खिलाड़ी का चरम 26 से 34 की उम्र तक ही होता है. इसके बाद खिलाड़ी की फिटनेस ही तय करती है कि किसका करियर कितना लंबा चलेगा.'

बता दें दुनिया के इस महान ऑलराउंडर ने साल 1994 में 35 साल की उम्र में संन्यास ले लिया था. उन्होंने अपने करियर में कुल 131 टेस्ट और 225 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले. उन्होंने टेस्ट में 434 और वनडे और वनडे में 253 विकेट अपने नाम किए. इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 5248 और वनडे में 3768 रन बनाए. जब उन्होंने क्रिकेट छोड़ा तो वह टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे. इस रिकॉर्ड में बीते 30 साल के दौरान उन्हें 10 गेंदबाज पीछे छोड़ चुके हैं, जिनमें दो भारतीय अनिल कुंबले और रविचंद्रन अश्विन भी शामिल हैं.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें