अपने टेस्ट डेब्यू को बेताब हैं अर्शदीप सिंह, केंट पहुंचकर की लाल गेंद से प्रैक्टिस

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:June 10, 2025 5:23 PM IST

अर्शदीप सिंह इंग्लैंड में पहले काउंटी क्रिकेट खेल चुके हैं और वह लेफ्टआर्म पेसर हैं ऐसे में उनके टेस्ट डेब्यू के पूरे आसार हैं.

लंदन. भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर गए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपने टेस्ट डेब्यू की उम्मीद लगाए हैं. उन्हें शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया में जगह दी गई है. गिल पहली बार भारतीय टीम की कमान संभालते दिखेंगे. इस बीच अर्शदीप सिंह को अपने टेस्ट डेब्यू की उम्मीद है. वह केंट पहुंचे हैं, जहां पहले वह केंट की टीम की ओर से काउंटी क्रिकेट में खेल चुके हैं.

Advertising
Advertising

अब वह इंग्लैंड के खिलाफ 20 जून से शुरू होने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले पारंपरिक फॉर्मेट में अपनी लय हासिल करने का प्रयास करेंगे. 26 वर्षीय अर्शदीप को भारत की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है और उनकी निगाहें करियर का पहला टेस्ट खेलने पर टिकी हैं. भारतीय टीम 13 जून से केंट में भारत A के खिलाफ चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी, जो इस दौरे की तैयारियों के लिहाज से अहम होगा.

अर्शदीप सीमित ओवरों के प्रारूप में पहले ही खुद को साबित कर चुके हैं. दो साल पहले वह केंट की ओर से काउंटी चैम्पियनशिप में खेल चुके हैं और वहां का माहौल उनके लिए जाना-पहचाना है. इस साल आईपीएल में उन्होंने उपविजेता रही पंजाब किंग्स की ओर से शानदार गेंदबाजी की, जिससे उनके आत्मविश्वास को और मजबूती मिली है.

उन्होंने बीसीसीआई टीवी से कहा, 'आज के अभ्यास सत्र में मेरा लक्ष्य लय हासिल करना ही था. हम लगातार सफेद गेंद का प्रारूप खेल रहे थे तो अब लाल गेंद से खेलकर अच्छा लगा.'

उन्होंने कहा, 'आगे हम और बेहतर होते जाएंगे और बल्लेबाजों के लिये गेंद को खेलना आसान नहीं होगा.' अर्शदीप ने कहा, 'गेंदबाजी में मजा आया. हम अभ्यास के लिए खेल रहे थे लेकिन पूरी तरह से प्रतिस्पर्धी भाव के साथ. इससे और भी मजा आया. हमने पुख्ता रणनीति बनाकर उन्हें आउट करने की कोशिश की. साइ (सुदर्शन) पहली बार टीम से जुड़ा है और शानदार फॉर्म में भी है. हमने उसे आउट करने की काफी कोशिश की.'

अर्शदीप ने कहा कि वह जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजी करके अपने कौशल को निखारने की कोशिश करेंगे.

उन्होंने कहा, 'जब भी मैं गेंद पकड़ता हूं तो मुझे लगता है कि मैं सर्वश्रेष्ठ हूं. लेकिन सभी को पता है कि जब आपके गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह हैं तो तुलना जैसा शब्द तो हो ही नहीं सकता. फोकस इसी पर है कि हम अपने खेल में कैसे निखार लाएं और एक दूसरे की, टीम की मदद कैसे करें.'

(इनपुट: पीटीआई)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें