
Ezaz Ahmad
नमस्कार! मैं एजाज अहमद (Ezaz Ahmad), 1 नवंबर 2022 से अब तक India.Com (Zee Media) में स्पोर्ट्स डेस्क पर सीनियर सब एडिटर के पद कार्यरत हूं. मैं पिछले 12 वर्षों ... और पढ़ें
दुबई: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को मैच रैफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर भारत के खिलाफ एशिया कप मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्हें टूर्नामेंट से तुरंत हटाने की मांग की. जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर 69 वर्ष के पायक्रॉफ्ट भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में मैच रैफरी थे जिसमें मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने विरोधी टीम से हाथ नहीं मिलाया.
पीसीबी ने आईसीसी के समक्ष पायक्रॉफ्ट के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है हालांकि टूर्नामेंट आईसीसी नहीं बल्कि एशियाई क्रिकेट परिषद करा रहा है.
पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने एक्स पर लिखा, ” पीसीबी ने क्रिकेट की भावना से जुड़े एमसीसी के नियम और आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर मैच रैफरी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है. पीसीबी ने मैच रैफरी को एशिया कप से तुरंत हटाने की मांग की है.”
नकवी इस समय एसीसी के अध्यक्ष भी हैं. पाकिस्तान ने पहले एशियाई क्रिकेट परिषद के समक्ष मसला उठाकर भारतीय खिलाड़ियों के बर्ताव को खेलभावना के विपरीत बताया था.
पीसीबी ने इससे पहले बयान में कहा, ” टीम मैनेजर नवीद चीमा ने मैच के बाद हाथ नहीं मिलाने वाले भारतीय खिलाड़ियों के बर्ताव का कड़ा विरोध किया है. यह खेल भावना और खेल के विपरीत आचरण है. विरोध के तौर पर हमने अपने कप्तान को मैच के बाद समारोह में नहीं भेजा.”
यह मामला अब तूल पकड़ गया है जिसकी शुरूआत ग्रुप ए के मैच में सिक्के की उछाल के साथ हुई जब सूर्यकुमार और पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने एक दूसरे से हाथ नहीं मिलाया.
पीसीबी ने दावा किया है कि रैफरी पायक्रॉफ्ट ने दोनों कप्तानों से मैच से पहले हाथ मिलाने की परंपरा का पालन नहीं करने के लिये कहा था. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार और पाकिस्तान के सलमान अली आगा ने एक दूसरे की तरफ देखा भी नहीं.
Asia Cup 2025: भारत से हार और टीम की बेइज्जती से तिलमिलाया पाकिस्तान, PCB ने दर्ज कराई शिकायत
दोनों टीमों के बीच एशिया कप में दो बार और टक्कर हो सकती है और भारत आगे भी हाथ नहीं मिलाने की नीति दोहरा सकता है. सूर्यकुमार ने इससे पहले कहा था कि विरोधी टीम से हाथ नहीं मिलाना पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुटता दिखाने का उनका तरीका था.
कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल में आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या और पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना के ‘आपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच यह पहला क्रिकेट मैच था.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.