मेलबर्न. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई टीम इंडिया की लचर बैटिंग के चलते मेलबर्न टेस्ट उसे 184 रन से हार का सामना करना पड़ा है. मैच के 5वें और आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया ने उसके सामने जीत के लिए 340 रनों का विशाल टारगेट रखा था. भारतीय टीम को यह टेस्ट ड्रॉ कराने के लिए संघर्ष करना था, लेकिन वह 155 रनों पर ढेर हो गई. यशस्वी जायसवाल (84) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज यहां दूसरी पारी में रन नहीं बना पाया. भारत के सिर्फ दो ही बल्लेबाज यहां दहाई का आंकड़ा छू पाए.
5 टेस्ट की सीरीज में अब टीम इंडिया 1-2 से पिछड़ गई है और वह पहली बार ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीत की हैट्रिक से भी चूक गई है. अब उसके पास सिडनी टेस्ट जीतकर सीरीज में अपनी हार टालने का एक मौका होगा. ऑस्ट्रेलिया ने मैच की पहली पारी में 474 रन बनाए. इसके बाद भारत अपनी पहली पारी में 369 रन बना पाया. भारत की ओर से नीतिश कुमार रेड्डी (114) ने शतक जमाया. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 234 रनों पर खत्म की, जिससे भारत को 340 रनों का लक्ष्य मिला था. लेकिन भारतीय टीम ने 155 रन जोड़ने तक अपने सभी विकेट गंवा दिए.
मैच के 5वें और आखिरी दिन पहले सत्र में 3 विकेट गंवाने के बाद भारत पर तब ही हार का संकट मंडरा गया था. लेकिन दिन के दूसरे सत्र में ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल ने पारी को संभालकर मैच को ड्रॉ की ओर ले जाने का भरोसा जगाया था. दोनों बल्लेबाजों ने पूरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया को विकेट लेने का कोई मौका नहीं दिया था.
लेकिन दिन के तीसरे और आखिरी सत्र में ऋषभ पंत ने ट्रेविस हेड की गेंद पर खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा दिया और यहां से ऑस्ट्रेलिया ने अपनी जीत की राह निकाल ली. कंगारुओं ने अंतिम सत्र का खेल खत्म होने से पहले बचे हुए सभी 7 विकेट झटककर मैच अपने नाम कर लिया.
इस पारी में जायसवाल और पंत के अलावा भारत का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया. पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने 3-3, जबकि नाथन लियोन ने 2 विकेट अपने नाम किए. मिचेल स्टार्क और ट्रेविस हेड ने भी 1-1 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.