AUS vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ दो दिग्गजों का रिकॉर्ड ध्वस्त करेंगे मिचेल स्टार्क, दिग्गज भारतीय भी निशाने पर

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:August 5, 2026 3:53 PM IST

दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क बांग्लादेश के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज में उतरेंगे तो सीरीज में 7 विकेट लेते ही वह दुनिया दो महान तेज गेंदबाजों को पछाड़ देंगे.

  • स्टार्क के पास बांग्लादेश के खिलाफ दो दिग्गजों को पछाड़ने का मौका
  • कपिल देव और डेल स्टेन का रिकॉर्ड निशाने पर सिर्फ 7 विकेट दूर
  • कपिल देव के टेस्ट फॉर्मेट में 434 विकेट, स्टार्क इससे 1 विकेट पीछे
  • बांग्लादेश सीरीज से ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट सीजन को ही रही शुरुआत

बांग्लादेश के खिलाफ 13 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) के निशाने पर कपिल देव (Kapil Dev) और डेल स्टेन (Dale Steyn) का बड़ा रिकॉर्ड होगा. हालांकि, स्टार्क का कहना है कि व्यक्तिगत उपलब्धि उनके लिए टीम के बाद आती है. दरअसल, टेस्ट क्रिकेट में मिचेल स्टार्क ने अब तक कुल 433 विकेट चटकाए हैं. वहीं, क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में कपिल देव ने 434 और डेल स्टेन ने 439 विकेट निकाले हैं. अब अगर स्टार्क बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कुल मिलाकर 7 विकेट लेने में सफल रहते हैं, तो वो कपिल देव और स्टेन दोनों को एक साथ पीछे छोड़ देंगे.

Advertising
Advertising

स्टार्क बोले- WTC फाइनल पर फोकस

हालांकि, स्टार्क का कहना है कि व्यक्तिगत उपलब्धियां दूसरे नंबर पर आती हैं क्योंकि ऑस्ट्रेलिया का लक्ष्य अगले साल ओवल में होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के लिए प्वाइंट हासिल करना है. बुधवार को आईसीसी ने स्टार्क के हवाले से कहा, 'इसका मतलब है कि मैंने काफी क्रिकेट खेला है. उन खिलाड़ियों (कपिल देव और डेल स्टेन) के साथ मेरा नाम लिया जाना बहुत अच्छी और विनम्रता वाली बात है. हालांकि, जब आप खेल रहे होते हैं, तो इन बातों का बहुत ज्यादा मतलब नहीं होता. आप बहुत आगे की नहीं सोचते.'

नंबर 1 पर है ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया अभी डब्ल्यूटीसी स्टैंडिंग में पहले स्थान पर मौजूद है. ऑस्ट्रेलिया के लिए बांग्लादेश सीरीज के साथ सात महीने का मुश्किल टेस्ट शेड्यूल शुरू हो रहा है. कंगारू टीम साउथ अफ्रीका की मेजबानी करेगी और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड और भारत के घर में टेस्ट सीरीज खेलनी है.

इस WTC चक्र में 46 विकेट ले चुके हैं स्टार्क

मौजूदा डब्ल्यूटीसी साइकल में स्टार्क शानदार फॉर्म में रहे हैं. वह 8 मुकाबलों में अब तक 46 विकेट निकाल चुके हैं और सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में स्टार्क ने 31 विकेट निकाले थे. उन्होंने अपनी लंबी पारी का श्रेय लगातार सुधार और फिजिकल कंडीशनिंग के साथ-साथ टॉप लेवल पर लगातार सफलता के लिए छोटी-छोटी रणनीतिक बदलावों को दिया.

16 साल के इंटरनेशनल करियर पर क्या बोले स्टार्क

उन्होंने कहा, 'जब आप 36 साल के होते हैं और 16 साल से खेल रहे होते हैं, तो आप सोचते हैं कि आपने कुछ सुधार किया है या किसी चीज में बेहतर हुए हैं. आप इतने लंबे समय तक इसलिए टिके रहते हैं क्योंकि आप विकसित हो पाते हैं, सीख पाते हैं और सुधार कर पाते हैं.'

(एजेंसी: आईएएनएस)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें