AUS vs IND: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2 विकेट से हराकर वनडे सीरीज पर किया कब्जा, एडिलेड में एडम जाम्पा और मैथ्यू शॉर्ट रहे स्टार

AUS vs IND 2nd ODI Match Report: तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत की लगातार दूसरी हार से सीरीज एक मैच बाकी रहते ही फिसल गई. एडम जाम्पा ने यहां 4 विकेट झटके तो वहीं मैथ्यू शॉर्ट ने शानदार 74 रन बनाए.

Published date india.com Updated: October 23, 2025 5:36 PM IST
Aus Beat India in AUs
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया @BCCI.x

AUS vs IND 2nd ODI Match Report: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई टीम इंडिया को 3 मैचों की वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है. वनडे फॉर्मेट में पहली पारी शुभमन गिल की कप्तानी में उतरी टीम इंडिया सीरीज के पहले दो मैच हारकर यह सीरीज गंवा चुकी है, जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच शनिवार को सिडनी में खेला जाएगा. गुरुवार को एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे में भारत ने मेजबान टीम को 265 रनों का लक्ष्य दिया था, ऑस्ट्रेलिया ने यहां 2 विकेट से जीत अपने नाम की. उसकी ओर से एडम जाम्पा (4/60) के बाद बल्लेबाजी में मैथ्यू शॉर्ट (74) स्टार साबित हुए. शानदार बॉलिंग करने वाले जाम्पा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया.

भारत को यहां मेजबान टीम से पहले बैटिंग करने का निमंत्रण मिला था. रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी एक बार फिर टीम को ठोस शुरुआत नहीं दे पाई. कप्तान शुभमन गिल (9) रन बनाकर आउट हुए. यह पारी का 7वां ओवर था और स्कोरबोर्ड पर अभी सिर्फ 17 रन ही जुड़े थे. नंबर 3 पर खेलने आए स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर फ्लॉप रहे और वह सीरीज में लगतार दूसरी बार 0 का शिकार बने. यह उनके वनडे करियर में पहला मौका है, जब वह लगातार दो बार 0 पर आउट हुए हैं.

इसके बाद श्रेयस अय्यर ने रोहित के साथ पारी को संभाला और अपनी लय तलाश रहे रोहित ने यहां भले धीमी शुरुआत की लेकिन उन्होंने एक बार अपना खोया विश्वास पा लिया तो फिर तेजी से रन बनाकर भी दिखाए. वह 97 गेंदों में 73 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने इस पारी में 7 चौके और 2 छ्क्के जमाए. रोहित और श्रेयस के बीच तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी हुई.

पारी के 30वें ओवर में वह मिचेल स्टार्क की एक गेंद को पुल करके छक्का जड़ने के प्रयास में आउट हो गए. कुछ देर बाद श्रेयस अय्यर को एडम जाम्पा ने बोल्ड कर दिया. केएल राहुल (11) भी यहां कुछ खास नहीं कर पाए और वह जाम्पा की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे. वॉशिंग्टन सुंदर (12), नीतिश रेड्डी (8) भी बल्ले से फ्लॉप साबित हुए. पुछल्ले बल्लेबाजों में हर्षित राणा (24*) ने अर्शदीप सिंह (13) के साथ मिलकर अंतिम ओवरों में कुछ उपयोगी रन जोड़कर भार को 264 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

265 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने यहां कुछ धीमी शुरुआत की. नई गेंद के खिलाफ रन बनाने में बल्लेबाजों को चुनौती आ रही थी. मिचेल मार्श (11) को अर्शदीप सिंह ने आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया. जल्दी ही ट्रेविस हेड (28) भी चलते बने. नंबर 3 पर उतरे मैथ्यू शॉर्ट (74) ने एक छोर पर पांव जमाए रखे.

उन्होंने पहले मैट रेनशॉ (30) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की. रेनशॉ के आउट होने के बाद एलेक्स कैरी (9) भी चलते बने. लेकिन कूपर कॉनली (61*) ने शॉर्ट का शानदार साथ निभाया और टीम को जीत की ओर बढ़ाया. 185 के स्कोर पर शॉर्ट आउट हुए तो क्रीज पर मिचेल ओवन (36) क्रीज पर उतरे और उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में 36 रन ठोककर टीम को दहलीज पर ला दिया. 23 बॉल की इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के जमाए.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

ओवेन आउट हुए तो ऑस्ट्रेलिया की टीम जीत से 19 रन दूर थी. यहां से भारतीय गेंदबाजों ने जेवियर बार्टलेन और मिचेल स्टार्क को आउट कर मैच में रोमांच तो पैदा किया लेकिन वह भारत की हार नहीं टाल पाए. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह (2/41), हर्षित राणा (2/59), वॉशिंग्टन सुंदर (2/37) के दो-दो विकेट के अलावा मोहम्मद सिराज (1/49) और अक्षर पटेल (1/52) ने अपने-अपने खाते में एक-एक विकेट डाला.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.