Aus Vs Ind Sunil Gavaskar Advice Rishabh Pant Be Careful For The First 30 Minutes
AUS vs IND: ऋषभ पंत को सुनील गावस्कर की सलाह, बताया- पिच पर कहां लगाना है ध्यान
सुनील गावस्कर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में ऋषभ पंत को भी वही करना है, जो दूसरे बल्लेबाजों को करने की सलाह दी जाती है. पहले आधे घंटे परिस्थितियों का सम्मान.
मेलबर्न. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए युवा स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) कुछ खास नहीं कर पाए हैं. पिछले दौरे पर भारत की जीत में उनकी भूमिका अहम थी. इस बार भी फैन्स को उनसे ऐसे ही दमदार परफऑर्मेंस की आस है. हालांकि 5 टेस्ट की सीरीज के पहले 3 मैचों के बाद सीरीज 1-1 की बराबरी पर है और भारतीय टीम को अगर यहां जीत की हैट्रिक लगानी है तो पंत को भी अपने बल्ले से मैचविनिंग पारी खेलकर अपना प्रभाव छोड़ना होगा. पंत की इस मुश्किल को पार करने के लिए महान टेस्ट बल्लेबाज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने सलाह दी है कि वह बैटिंग पर आने के बाद पहले आधा घंटा संभलकर खेलें.
उन्होंने कहा कि पंत आते ही आक्रामक बल्लेबाजी करने की बजाए पहले परिस्थितियों का ‘सम्मान’ करने की सलाह दी है. 27 साल के इस विकेटकीपर खिलाड़ी ने अब तक तीन टेस्ट मैचों की पांच पारियों में 37, 1, 21, 28 और 9 का स्कोर बनाया है.
अपने आक्रामक रवैये के लिए जाने जाने वाले पंत ज्यादातर मौके पर मैच की स्थिति की परवाह किए बिना आक्रामक शॉट खेलने को प्राथमिकता दी है. पांच मैचों की मौजूदा सीरीज में एडिलेड में खेले गये दिन-रात्रि टेस्ट में अपनी पारी की पहली ही गेंद पर तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड के खिलाफ आक्रामक शॉट खेलने के उनके साहसिक फैसले ने काफी ध्यान आकर्षित किया था.
गावस्कर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘ऋषभ पंत को वही करने की जरूरत है जो सभी के लिए जरूरी है. शुरुआती आधे घंटे का सम्मान करें. क्रीज पर पहुंचने के बाद चाहे जैसी भी परिस्थिति हो सावधानी से बल्लेबाजी करते हुए थोड़ा समय बिताएं. अगर भारतीय टीम का स्कोर तीन विकेट पर 525 रन के आसपास हो तो वह अपने तरीके से बल्लेबाजी कर सकते हैं.’
पंत के लिए ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों की चुनौती के बारे में उन्होंने कहा, ‘वे एक कोण से गेंदबाजी करते हैं. पैट कमिंस और यहां तक कि (जोश) हेजलवुड भी ऐसी गेंदों से उन्हें परेशान करते हैं. स्कॉट बोलैंड से उन्हें थोड़ी परेशानी होगी क्योंकि बोलैंड भी उस क्षेत्र के आसपास गेंदबाजी करते हैं.’
खुद को पंत का प्रशंसक कहने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने हालांकि पंत से उनके निडर दृष्टिकोण को अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि यह टीम के लिए ‘गेम-चेंजर (प्रभावशाली सकारात्मक बदलाव)’ हो सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.