
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
Suryakumar Yadav on India Defeat Against Australia in 2nd T20I: 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच के बाद भारत 0-1 से पिछड़ गया है. मेलबर्न में खेले गए मैच में उसे 4 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम इस मैच में पहले बैटिंग करने उतरी थी और वह सिर्फ 125 रन बनाकर सिमट गई. इस मैच में अभिषेक शर्मा (68) को छोड़कर उसके सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे. वह इस मैच में नंबर 8 तक बल्लेबाजी लेकर उतरी थी और इसके बावजूद वह इस मैच में 20 ओवर भी नहीं खेल पाई.
टीम की ओर से अभिषेक के बाद तेज गेंदबाज हर्षित राणा (35) ही ऐसे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने दहाई का आंकड़ा छुआ. उनके अलावा सभी बल्लेबाज इकाई अंक पर ही आउट होकर टीम को मुश्किल में फंसाते चले गए. इस हार के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पावरप्ले की खराब बैटिंग को जिम्मेदार ठहराया, जहां भारत ने 4 विकेट गंवा दिए थे. इन 4 में से 3 झटके जोश हेजलवुड ने दिए.
सूर्यकुमार यादव ने कहा ऑस्ट्रेलिया के इस स्टार तेज गेंदबाज की तारीफ करते हुए कहा, ‘पावरप्ले में जिस तरह से हेजलवुड ने गेंदबाजी की, वह बेहतरीन थी. पावरप्ले में 4 विकेट गिरने के बाद दबाव से उबरना मुश्किल है.’ हेजलवुड ने अपने कोटे से सभी 4 ओवर लगातार ही फेंक दिए थे, जिसमें उन्होंने 13 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. उन्होंने शुभमन गिल (5), सूर्यकुमार यादव (1) और तिलक वर्मा (0) को अपना शिकार बनाया.
इस दौरान उन्होंने भारत के उभरते हुए युवा स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की भी तारीफ की. अभिषेक एक छोर पर अंत तक खड़े थे और वह तेजी से रन बनाने का क्रम जारी रखे हुए थे. वह सामने वाले छोर से साथ ढूंढ रहे थे लेकिन कोई भी क्रीज पर टिक नहीं पा रहा था. किसी तरह उन्हें हर्षित राणा के रूप में छठे विकेट के लिए एक साझेदार मिला तो उन्होंने उसके साथ करीब 8 ओवर तक बिना कोई झटका लगे 56 रनों की साझेदारी की.
अभिषेक की तारीफ में सूर्या ने कहा, ‘अभिषेक काफी समय से ऐसे ही खेल रहे हैं. उन्हें अपने खेल और अपनी पहचान के बारे में पता है.’ उन्होंने कहा, ‘वह इसमे बदलाव नहीं करने जा रहे और उम्मीद है कि वह ऐसे ही खेलते रहेंगे और हमारे लिए ऐसी कई पारियां खेलेंगे.’
दोनों टीमें सीरीज का तीसरा मैच रविवार को होबार्ट के मैदान पर खेलेंगी. भारत यहां जीत दर्ज कर सीरीज को 1-1 की बराबरी पर लाना चाहेगा. इस मैच से पहले कप्तान सूर्याकुमार ने कहा, ‘हमें वही चीज करने की जरूरत है, जो हमने पहले मैच में की थी. अगर हम पहले बैटिंग कर रहे हैं तो बैटिंग अच्छी करनी होगी, और तब हमें अच्छी और कड़ी लाइन के साथ उसे डिफेंड करना होगा.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.