सिडनी. ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर के विदाई टेस्ट में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया. ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य था, ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने जहां डेविड वॉर्नर को शानदार विदाई दी, वहीं टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में भी छलांग लगाई. ऑस्ट्रेलिया की टीम अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पीछे छोड़ दिया है.
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने आठ मैच में पांच मैच जीते हैं, टीम को दो मुकाबले में हार मिली है, वहीं एक मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ. ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत 56.25 है और वह टेबल में पहले पोजिशन पर है. टीम इंडिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र में चार टेस्ट मैच खेले हैं, भारत को दो मैच में जीत मिली है, जबकि एक में हार और एक मुकाबला ड्रॉ रहा है. भारत का जीत प्रतिशत 54.16 है और वह प्वॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है. सिडनी टेस्ट से पहले टीम इंडिया टॉप पर मौजूद थी.
साउथ अफ्रीका की टीम तीसरे, न्यूजीलैंड की टीम चौथे और बांग्लादेश की टीम पांचवें स्थान पर है. पाकिस्तान की टीम को हार के बाद बड़ा नुकसान हुआ है और पाकिस्तान की टीम तीसरे स्थान से छठे स्थान पर चली गई है. पाकिस्तान की टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र में पांच मैच खेले हैं, जिसमें टीम को सिर्फ दो मुकाबले में जीत मिली है, जबकि तीन मैच में हार का सामना करना पड़ा है.
वेस्टइंडीज की टीम सातवें, इंग्लैंड की टीम आठवें और श्रीलंका की टीम नौवें नंबर पर है. ऑस्ट्रेलिया की प्वॉइंट्स टेबल में फिलहाल बादशाहत देखने को मिल सकती है, क्योंकि टीम का मुकाबला वेस्टइंडीज से होना है और अपने घरेलू सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी है. भारतीय टीम जनवरी के आखिरी हफ्ते में अपने घरेलू मैदान में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जहां टीम इंडिया के पास ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ने का मौका होगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.