
Ezaz Ahmad
नमस्कार! मैं एजाज अहमद (Ezaz Ahmad), 1 नवंबर 2022 से अब तक India.Com (Zee Media) में स्पोर्ट्स डेस्क पर सीनियर सब एडिटर के पद कार्यरत हूं. मैं पिछले 12 वर्षों ... और पढ़ें
एडिलेड: धुरंधर ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) के रिकॉर्ड पांचवें शतक के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को एडिलेड ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वेस्टइंडीज को 34 रन से रौंद दिया. इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 241 रन का विशाल स्कोर बनाया. इसके जवाब में कैरेबियाई टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 207 रन ही बना सकी. मैच में 55 गेंदों में 120 रन की नाबाद पारी खेलने वाले मैक्सवेल को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया. ऑस्ट्रेलिया ने पहला टी20 भी 11 रन से जीता था. दोनों टीमों के बीच अब तीसरा और अंतिम मुकाबला मंगलवार को पर्थ में खेला जाएगा.
मैक्सवेल ने की रोहित शर्मा के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
ऑस्ट्रेलिया ने एक समय 63 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. लेकिन इसके बाद मैक्सवेल ने 25 गेंद में अपना अर्धशतक और 50 गेंद में शतक जड़ दिया. ऑलराउंडर मैक्सवेल ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 55 गेंद में नाबाद 120 रन की पारी खेलकर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के इस प्रारूप में सबसे ज्यादा पांच सैकड़ों के रिकॉर्ड की बराबरी की. चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मैक्सवेल ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 50 गेंद में 12 चौके और आठ छक्के से शतक पूरा किया. मैक्सवेल ने पांच शतक जड़ने में भी काफी फुर्तीले रहे.
वह इस उपलब्धि तक 93 पारियों में पहुंचे जबकि रोहित ने 143 पारी में ऐसा किया था. उनके अलावा मार्क्स स्टॉयनिस ने 16 रन और टिम डेविड ने 14 गेंद में नाबाद 31 रन (दो चौके, दो छक्के) बनाए. ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में चार विकेट पर 241 रन बनाए. वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर ने दो विकेट लिए, वहीं अल्जारी जोसेफ और रोस्टन चेज को एक-एक सफलता मिली.
कप्तान पॉवेल अकेले लड़े
242 रनों के लक्ष्य के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 207 रन ही बना सकी. कप्तान रौवमन पॉवेल ने 36 गेंद में 63 रन (पांच चौके, दो छक्के) की पारी खेली. उनके अलावा आंद्रे रसेल ने 16 गेंद में 37 रन और जेसन होल्डर ने 16 गेंद में नाबाद 28 रन बनाए. चार्ल्स ने 24 और पूरन ने 18 रन का योगदान दिया. ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्क्स स्टॉयनिस ने तीन विकेट लिए, वहीं हेजलवुड और स्पेनसर जॉनसन को दो-दो सफलता मिली.
मैक्सवेल ने क्या कहा
मैक्सवेल ने पारी के ब्रेक के दौरान कहा, यह मनोरंजक रहा. इससे मुझे मौका मिला. यह शानदार विकेट था. इसका फायदा उठाना और क्रीज पर समय बिताना शानदार रहा. मैं मुश्किलों से पार पाने के लिए हमेशा अपने हाथ की फुर्ती पर निर्भर रहता हूं. और आज यह मेरे लिए वास्तव में कारगर रहा.”
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.