बिग बैश लीग (2025-26) में संघर्ष कर रहे पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) को अपनी टीम का साथ बीच मझदार में छोड़ना पड़ा है. अब वह टीम के लिए दूसरे प्लेऑफ में उपलब्ध नहीं हो पाएंगे. बाबर पहले प्लेऑफ में खेले थे, जहां पर्थ स्कोचर्स के खिलाफ वह खाता तक नहीं खोल पाए. सिडनी की टीम को हार मिली और अब वह दूसरा क्वॉलीफायर जीतकर फाइनल में पहुंचने का जोर लगाएगी. लेकिन शुरुआत से बाबर पर भरोसा जता रही सिडनी के लिए चैलेंजर मुकाबले से पहले यह बड़ा झटका है.
बाबर पाकिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप टीम में खेलने का मौका तलाश रहे हैं. इससे पहले पाकिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी घरेलू धरती पर 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. इस सीरीज से पहले बाबर को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने नेशनल कैम्प में भाग लेने लिए बुलाया है. यहां भाग लेकर वह पाकिस्तान की नेशनल टीम में शामिल होंगे. दोनों टीमें लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 29 जनवरी से 1 फरवरी के बीच 3 मैचों की यह टी20I सीरीज खेलेंगी.
सिडनी सिक्सर्स ने बाबर आजम के लीग से हटने की पुष्टि करते हुए बताया कि उनका स्थान डेनियल ह्यूजेस लेंगे. सिडनी सिक्सर्स ने बयान में कहा, ‘बाबर आजम को आगामी इंटरनेशनल मुकाबले से पहले पाकिस्तान के नेशनल कैंप में शामिल होने के लिए वापस बुलाया गया है. वह बीबीएल 15 फाइनल सीरीज के बाकी मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे.’
बाबर ने बीबीएल क्लब में रहने के दौरान अपने सपोर्ट के लिए सभी फैंस को धन्यवाद भी दिया. सिक्सर्स की तरफ से ‘एक्स’ पर शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले, मुझे टीम में शामिल करने के लिए सिडनी सिक्सर्स का बहुत-बहुत धन्यवाद. सभी खिलाड़ियों और सभी कोचों के साथ मैंने अपने समय का बहुत आनंद लिया. दुर्भाग्य से, अब मुझे नेशनल ड्यूटी के लिए टीम छोड़नी होगी.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे पास बहुत सी चीजें हैं जो मुझे घर ले जानी हैं. बहुत सी सकारात्मक चीजें, इसलिए मैंने इसका बहुत आनंद लिया. खासकर, सिडनी सिक्सर्स के फैन्स का धन्यवाद. उनसे मुझे हमेशा सपोर्ट मिला. इस लीग में खेलकर बहुत मजा आता है. मैंने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में उस माहौल का बहुत आनंद लिया, इसलिए बहुत-बहुत धन्यवाद.’
बता दें बाबर पहली बार इस टी20 लीग में भाग लेने पहुंचे थे. हालांकि वह अपने इस डेब्यू सीजन को यादगार नहीं बना पाए. वह यहां लगातार संघर्ष करते दिखे और उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 202 रन बनाए. उनका 103.06 का कम स्ट्राइक रेट टीम के लिए चिंता का विषय था. हालांकि इस दौरान उन्होंने यहां 2 हाफ सेंचुरी जरूर जड़ीं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.