IPL में अब स्मार्ट चश्मों नहीं दिखेंगे खिलाड़ी- BCCI ने तत्काल प्रभाव से लगाया बैन, यह है वजह

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:May 29, 2026 1:27 PM IST

IPL 2026: BCCI की एंटी करप्शन यूनिट ने स्मार्ट चश्मों पर बैन लगा दिया है. BCCI ने सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया है. अब मैच से पहले खिलाड़ियों को अपने स्मार्ट चश्मे जमा करने होंगे.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एंटी करप्शन और सुरक्षा इकाई (ACSU) ने IPL 2026 में खेलने वाले खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को निर्देश दिया है कि वे अपने स्मार्टग्लासेस (स्मार्ट धूप के चश्मे) या फिर ऐसे ही हाईटेक चश्मों को मैच के दिन पहले से ही जमा करा दें. अब खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ के सदस्य ऐसे चश्मों को पहनकर टीम के ड्रेसिंग रूम, डग आउट या मैदान पर नहीं जा सकेंगे. खेल की सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है. बोर्ड ने इन चश्मों में मौजूद उन्नत संचार सुविधाओं को सुरक्षा और भ्रष्टाचार-रोधी नियमों के लिए खतरा बताया है.

Advertising
Advertising

BCCI की ACSU ने सभी फ्रेंचाइजी को एक अडवाइजरी जारी कर कहा है कि कुछ कंपनियां खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को स्मार्ट चश्मे बेच रही हैं. बीसीसीआई ने कहा, 'इन उपकरणों में लाइव स्ट्रीमिंग, टेक्स्ट संदेश भेजने और प्राप्त करने के साथ-साथ मोबाइल डेटा या वाई-फाई के जरिए ऑडियो और वीडियो कॉलिंग जैसी उन्नत संचार सुविधाएं उपलब्ध हैं.'

यह भी पढ़ें: सुनील गावस्कर ने बढ़ाई सिलेक्टर्स की उलझन, वैभव सूर्यवंशी को लेकर बोले दिया यह बयान

उन्होंने कहा, 'पीएमओए (खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों का क्षेत्र) के न्यूनतम मानकों के तहत ऐसे स्मार्ट चश्मों को 'ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण’ और संचार उपकरण’ दोनों श्रेणियों में रखा गया है. इसी कारण पीएमओए क्षेत्र में इन्हें रखने या इस्तेमाल करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.'

यह भी देखें: IPL में रोल खत्म होते ही कहां उड़ गए हार्दिक पांड्या! तस्वीरें वायरल

आईपीएल में पहले से ही खिलाड़ियों को निर्धारित पीएमओए क्षेत्रों में मोबाइल या अन्य संचार उपकरणों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं है. हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के अधिकारी रोमी भिंडर को टीम डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए कैमरे में पकड़े जाने पर एक लाख रुपये का जुर्माना और चेतावनी दी गई थी.

बीसीसीआई ने अपने ताजा निर्देश में खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों से कहा है कि वे पीएमओए में प्रवेश करने से पहले स्मार्ट चश्मे भी जमा कराएं. बोर्ड ने नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है. बीसीसीआई ने कहा, 'सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को निर्देश दिया जाता है कि मैच के दिन पीएमओए में प्रवेश करते समय वे अपने मोबाइल फोन और स्मार्टवॉच के साथ ऐसे उपकरण भी सिक्योरिटी लायजन ऑफिसर (SLO) के पास जमा करें.'

बोर्ड ने कहा, 'कोई खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य अगर ऐसे उपकरण जमा नहीं करता है, तो इसे पीएमओए प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना जाएगा. आईपीएल 2026 के न्यूनतम मानकों के तहत उस पर जुर्माना या अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है.'

(एजेंसी से)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें