BGT 2024-25: कपिल देव ने बताया- चेतेश्वर पुजारा बिना क्या हो पाएगा टीम इंडिया का गुजारा?

Written By: Arun Kumar
Updated Date:November 5, 2024 9:52 PM IST

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी, जहां उसके पास चेतेश्वर पुजारा जैसे अनुभवी बल्लेबाज टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं. कपिल देव ने बताया टीम इंडिया पर क्या पड़ेगा प्रभाव...

ग्रेटर नोएडा. न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अपने घर में 0-3 की धुलाई के बाद टीम इंडिया अब बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar Trophy 2024-25) के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी कर रही है. 22 नवंबर से शुरू होने वाली 4 टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय टीम के पास चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) और अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) जैसे अनुभवी बल्लेबाज नहीं होंगे, जिन्होंने भारतीय टीम को इस पिछले दो दौरों पर यहां जीत दिलाई थी. ऐसे में क्या टीम इंडिया को इन अनुभवी खिलाड़ियों के बगैर मुश्किल होगी?

Advertising
Advertising

भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव (kapil Dev) का कहना है कि समय हमेशा बदलता है और अगर मौजूद भारतीय खिलाड़ी अपने खेल पर सही फोकस करें और पूरी तैयारी के साथ ऑस्ट्रेलिया में दस्तक दें तो उन्हें पुजारा की कमी नहीं खलेगी.

जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में नाइट गोल्फ फेस्टिवल टूर्नामेंट का उद्घाटन करते कपिल देव, साथ में जेपी होटल्स लिमिटेड की एमडी मंजू शर्मा

कपिल देव यहां जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में तीन दिवसीय नाइट गोल्फ फेस्टिवल टू्र्नामेंट के उद्घाटन के मौके पर आए थे. रात में फ्लड लाइट के बीच गोल्फ खेलने का यह एक अनूठा अनुभव होगा, जो पहली बार आयोजित हो रहा है. इसे गोल्फ फैन्स के रिलेक्सिंग माहौल देने के नजरिए से तैयार किया गया है.

इस मौके पर जब पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर से न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की हार और भारत के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'हार जीत खेल का हिस्सा है और अगर हम न्यूजीलैंड के खिलाफ बुरी तरह हार भी गए तो भी हमें अब आगे का सोचना चाहिए. भारतीय खिलाड़ियों को अपने खेल का आंकलना करना चाहिए कि वह कहां गलती कर रहे हैं और आगे बढ़ना चाहिए.'

1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान से जब यह पूछा गया कि ऑस्ट्रेलिया में क्या भारत को चेतेश्वर पुजारा जैसे बल्लेबाज के अनुभव की कमी महसूस होगी, जिन्होंने भारत को ऑस्ट्रेलिया में पिछली दो टेस्ट सीरीज में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.

इसके जवाब में कपिल ने कहा, 'सुनिए, सुनील गावस्कर भी नहीं हैं, सचिन तेंदुलकर भी नहीं हैं और राहुल द्रविड़ भी नहीं हैं. तो जो हैं उन पर ही भरोसा करना चाहिए. पुजारा की कमी खलेगी या नहीं यह नहीं सोचना चाहिए क्योंकि टीम में एक या दो खिलाड़ी नहीं बल्कि पूरी टीम अहम होती है और उन पर ही भरोसा करना चाहिए.'

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें