CSK vs LSG, IPL 2023: चेन्नई ने खोला जीत का खाता, ऋतुराज और मोईन अली के दम पर लखनऊ को 12 रन से हराया

Chennai Super Kings vs Lucknow Super Giants: एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 217 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर लखनऊ की टीम को निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 205 रनों पर रोक दिया. सीएसके की दो मैचों में यह पहली जीत है. 

Published date india.com Updated: April 3, 2023 11:46 PM IST
CSK vs LSG, IPL 2023: चेन्नई ने खोला जीत का खाता, ऋतुराज और मोईन अली के दम पर लखनऊ को 12 रन से हराया
CSK

ऋतुराज गायकवाड़ के शानदार अर्धशतक के बाद मोईन अली के चार विकेटों की बदौलत चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2023 में जीत का अपना खाता खोल लिया है. चार साल बाद चेपॉक स्टेडियम में खेलने उतरी चेन्नई ने सीजन के अपने दूसरे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 12 रन से हराकर 16वें सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली.

एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 217 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर लखनऊ की टीम को निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 205 रनों पर रोक दिया. सीएसके की दो मैचों में यह पहली जीत है.

218 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ को कप्तान केएल राहुल और काइल मायर्स ने पहले विकेट के लिए 79 रन का साझेदारी करके मजबूत शुरुआत दी. खतरनाक होती जा रही इस साझेदारी को मोईन अली ने तोड़ा जब उन्होंने मायर्स को डेवॉन कॉन्वे के हाथों कैच करा दिया.

वेस्टइंडीज के धुरंधर मायर्स ने केवल 21 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया. आईपीएल में अपना पहला सीजन खेल रहे मायर्स का यह लगातार दूसरा अर्धशतक है. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी फिफ्टी जड़ी थी. दिल्ली के खिलाफ उन्होंने 38 गेंदों पर ही दो चौके और सात छक्के लगाकर 73 रन बना डाले थे.

मायर्स ने अब दूसरे मैच में तूफानी फिफ्टी जड़ दी है. मायर्स इसके साथ ही आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने आईपीएल की पहली दो पारियों में 50 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है. मायर्स ने अपनी पारी के दौरान केवल 22 गेंदो पर आठ चौके और दो छक्कों की मदद से 53 रन की धुआंधार पारी खेली.

मायर्स के आउट होने के बाद लखनऊ की टीम ने 82 रन के स्कोर पर ही दीपक हुड्डा (2) और कप्तान राहुल (20) का विकेट खो दिया. हुड्डा को मिचेल सेंटनर ने और राहुल को मोईन अली ने अपना शिकार बनाया. लखनऊ की टीम इसके बाद भी नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई और वो लक्ष्य से दूर रह गई. निकोलस पूरन ने 32, मार्कस स्टोयनिस ने 21 बनाए.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

चेन्नई के लिए मोईन अली ने चार ओवर में 26 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए. उनके अलावा तुषार देशपांडे ने दो ओर मिचेल सेंटनर को एक-एक सफलता मिली.

इससे पहले, ऋतुराज गायकवाड़ और डेवन कॉन्वे के बीच शतकीय साझेदारी की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सात विकेट पर 217 रन बनाए.

गायकवाड़ ने पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई तो कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 89 मीटर का छक्का जड़कर चेन्नई के गढ चेपॉक स्टेडियम पर दर्शकों को रोमांचित कर दिया. ‘थाला’ धोनी ने दो छक्के जड़े लेकिन मार्क वुड को तीसरा छक्का जड़ने के प्रयास में तीन गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हो गए.

गायकवाड़ ने 37 गेंद में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाये जबकि डेवोन कोंवे ने 29 गेंद में 47 रन की पारी खेली जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे. शिवम दुबे ने 16 गेंद में 27 रन बनाये जिसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल थे.

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रविवार को पांच विकेट लेने वाले वुड ने चार ओवर में 49 रन देकर तीन विकेट चटकाए. लखनऊ के लिये लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए.

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर गायकवाड़ और कोंवे ने पहले छह ओवर में 79 रन बनाए. पहले मैच में 92 रन बनाने वाले गायकवाड़ ने उस लय को कायम रखा और न्यूजीलैंड के कोंवे ने उनका पूरा साथ दिया. चेन्नई के 100 रन आठवें ओवर में बने.

गायकवाड़ ने के गौतम के पहले ओवर में तीन छक्के लगाए. तेज गेंदबाज आवेश खान ने दूसरे ओवर की पहली चार गेंद में ही 16 रन दे डाले. उन्होंने तीन ओवर मे 39 रन देकर बेन स्टोक्स का विकेट लिया.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.