Csk Skipper Ruturaj Gaikwad Said One Area We Would Like To Improve After Losing To Lsg In Ipl 2024
IPL 2024: ऋतुराज गायकवाड़ ने इन पर फोड़ा CSK की हार का ठीकरा, कहा- इन एरिया में काफी सुधार की जरूरत
CSK skipper Ruturaj Gaikwad: चेन्नई को सात मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है. टीम आठ अंकों के साथ अभी तीसरे नंबर पर है. सीएसके की चार में तीन हार तो घर से बाहर मिली है.
लखनऊ: डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 34वें मैच में शुक्रवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ आठ विकेट की हार के बाद कहा कि उनके बल्लेबाज पावरप्ले के बाद रन गति बरकरार रखने में विफल रहे जिससे टीम ने 10 से 15 रन कम बनाए. सुपरकिंग्स के 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपर जाइंट्स ने छह गेंद शेष रहते दो विकेट पर 180 रन बनाकर जीत हासिल की. कप्तान लोकेश राहुल ने 82 जबकि क्विंटन डिकॉक ने 54 रन की पारी खेली. दोनों ने पहले विकेट के लिए 134 रन जोड़े.
गायकवाड़ ने इनपर फोड़ा हार का ठीकरा
गायकवाड़ ने मैच के बाद कहा, ” हमने (पारी का) अंत काफी अच्छी तरह किया, इससे अधिक की उम्मीद नहीं की जा सकती थी. लेकिन पावरप्ले के बाद हम 14वें-15वें ओवर तक तेजी से रन नहीं बना सके. हमने लगातार विकेट खोए और 10-15 रन कम बनाए. बल्लेबाजी करना थोड़ा मुश्किल है लेकिन इंपेक्ट प्लेयर नियम के साथ आपको एक अतिरिक्त बल्लेबाज मिलता है. बाद में ओस आने से लगा कि 180-190 रन अच्छा स्कोर हो सकता था.”
चेन्नई ने इससे पहले रविंद्र जडेजा (40 गेंद में नाबाद 57 रन, पांच चौके, एक छक्का) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा मोईन अली (20 गेंद में 30 रन, तीन छक्के) के साथ छठे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की जिससे सुपरकिंग्स ने छह विकेट पर 176 रन बनाए. आखिरी ओवर में एमएस धोनी ने नौ गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रनों की नाबाद और तूफानी पारी खेली. धोनी ने 300 से भी ज्यादा के स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए.
सीएसके के कप्तान ने कहा, ” चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पावरप्ले में अपनी गेंदबाजी को बेहतर करना चाहती है. यह एक ऐसा एरिया जिसमें हम बेहतर होना चाहते हैं वो है पावरप्ले में विकेट लेना. इससे विपक्षी टीम दबाव में आती है. हमें इसपर काम करने की जरूरत है.”
Add India.com as a Preferred Source
चेन्नई को सात मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है. टीम आठ अंकों के साथ अभी तीसरे नंबर पर है. सीएसके की चार में तीन हार तो घर से बाहर मिली है. टीम को अब अपना अगला मुकाबला मंगलवार को अपने घर में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.