रोहित शर्मा के सिर से छिना ICC वनडे रैंकिंग का ताज, टेस्ट में जस्सी जैसा कोई नहीं
न्यूजीलैंड के डैरेल मिचेल ने ICC की ताजा जारी रैंकिंग में रोहित शर्मा को नंबर 1 के पायदान से हटा दिया है. अब इन दोनों बल्लेबाजों में फासला महज 1 ही अंक का है. जसप्रीत बुमराह टेस्ट में नंबर 1 के पद पर कायम हैं.
रोहित शर्मा @BCCI/x
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बेहतरीन फॉर्म में दिखाई दिए रोहित शर्मा (Rohit Sharma) साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले ICC वनडे रैंकिंग में झटका लगा है. उनसे न्यूजीलैंड के डैरेल मिचेल ने इस रैंकिंग का पहला पायदान छीन लिया है. मिचेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के पहले मैच में 119 रन बनाए थे, जिसकी बदौलत उन्हें रैंकिंग में 2 पायदान का उछाल मिला. दूसरी ओर अगर टेस्ट क्रिकेट में बॉलरों की रैंकिंग की बात करें तो स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की बादशाहत यहां कायम है.
रोहित शर्मा से सिर्फ 1 ही अंक आगे हैं डैरेल मिचेल
वनडे रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचे मिचेल के पास इस सीरीज में रोहित शर्मा के खिलाफ अपनी स्थिति और मजबूत करने का मौका था. लेकिन कमर की चोट की वजह से सीरीज के शेष मुकाबलों से बाहर हो गए. ऐसे में वह रोहित से सिर्फ 1 ही अंक आगे निकल पाए.
46 साल में पहली बार न्यूजीलैंड से कोई नंबर 1
रोहित शर्मा और मिचेल में भले फासला सिर्फ 1 ही अंक का हो लेकिन इस बढ़त ने उन्हें इस रैंकिंग में इतना मौका तो मिल ही गया कि वह न्यूजीलैंड की ओर पिछले साल 46 साल में बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले कीवी खिलाड़ी हैं. इससे पहले न्यूजीलैंड की ओर से साल 1979 में ग्लेन टर्नर ने यह मुकाम हासिल किया था.
सिर्फ 22 दिनों तक नंबर 1 रहे रोहित शर्मा
मिचेल के नंबर 1 बनने के साथ ही रोहित शर्मा का 22 दिनों का राज समाप्त हो गया है. हालांकि रोहित के पास 30 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाली घरेलू वनडे सीरीज में एक बार फिर यह पायदान वापस पाने का मौका होगा. आज जारी रैंकिंग में मिचेल दो पायदान की छलांग लगाकर अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान और भारत के रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया.
पाकिस्तानी खिलाड़ी भी चढ़े
इस बीच, पाकिस्तान के बाबर आजम रावलपिंडी में श्रीलंका के विरुद्ध 102 रनों की पारी खेलकर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं. मोहम्मद रिजवान और फखर जमां सीरीज में 2-2 अर्धशतक लगाने के बाद क्रमशः 22वें और 26वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
बॉलिंग के टॉप 10 में अबरार अहमद
वनडे गेंदबाजों की लिस्ट में पाकिस्तानी लेग स्पिनर अबरार अहमद 11 पायदान की छलांग लगाकर 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं. अबरार ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 41 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे. पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने 5 स्थान की छलांग लगाई है. वह 23वें स्थान पर हैं. उनके अलावा, वेस्टइंडीज के जेडेन सील्स तीन स्थान ऊपर चढ़कर 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं. रोस्टन चेज को 12 स्थान का फायदा मिला है. वह फिलहाल 46वें स्थान पर हैं.
टेस्ट गेंदबाजों जस्सी जैसा कोई नहीं
टेस्ट रैंकिंग को देखें, तो साउथ अफ्रीका के खिलाफ कुल 6 विकेट हासिल करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शीर्ष स्थान बरकरार रखा है वहीं, कुलदीप यादव दो स्थान ऊपर चढ़कर करियर के सर्वश्रेष्ठ 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं. रवींद्र जडेजा चार स्थान ऊपर चढ़कर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं. ईडन गार्डन्स में 8 विकेट लेने वाले साउथ अफ्रीकी ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर 20 स्थान ऊपर चढ़कर करियर के सर्वश्रेष्ठ 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें