DC vs LSG, IPL 2024: जीत के बाद भी दिल्ली के लिए प्लेऑफ 'दूर', राजस्थान रॉयल्स ने किया क्वालीफाई

Delhi Capitals vs Lucknow Super Giants 64th Match: अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले ने दिल्ली ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 208 रनों का स्कोर बनाया और फिर लखनऊ को निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 189 रनों पर रोक दिया.

Written by: Ezaz Ahmad Edited by: Ezaz Ahmad
Updated: May 14, 2024, 11:46 PM IST

Delhi Capitals vs Lucknow Super Giants 64th Match: दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 64वें मैच में मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को 19 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही दिल्ली ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले ने दिल्ली ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 208 रनों का स्कोर बनाया और फिर लखनऊ को निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 189 रनों पर रोक दिया.

दिल्ली कैपिटल्स ने इसके साथ  ही 14 मैचों में सात जीत और इतने ही हार के  बाद 14 अंक लेकर लीग चरण का समापन किया है. टीम अभी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है और उसका नेट रनरेट -0.377 का है. दिल्ली ने आईपीएल में 200 प्लस के स्कोर को डिफेंड करते हुए हर बार जीत दर्ज की है. दिल्ली को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद को अपने अंतिम दोनों मैचों को 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 194 रन के अंतर से हारना होगा, तभी दिल्ली की टीम नेट रनरेट के मामले में हैदराबाद को पीछे छोड़ पाएगी.

वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने 12 मैचों में ही आठ जीत और चार हार के बाद 16 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया.  हार के बाद भी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद हो गए हैं. लखनऊ की 13 मैचों में यह सातवीं हार है और टीम के अभी 12 ही अंक है. लखनऊ को अभी अपना आखिरी लीग मैच खेलना है और उसमें अगर टीम जीत दर्ज करती है तो फिर वह 14 अंकों तक पहुंच सकती है.

दिल्ली से मिले 209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत काफी खराब रही और टीम ने 44 रन तक ही अपने चार विकेट खो दिए. इनमें क्विंटन डिकॉक (12), कप्तान केएल राहुल (5), मार्कस स्टोयनिस (5) और दीपक हुड्डा (0) के विकेट शामिल हैं. इनमें से तीन विकेट ईशांत शर्मा ने चटकाए.

हालांकि विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन ने एक छोर संभाले रखा और 20 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक जड़ दिया. लेकिन मुकेश कुमार ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराकर लखनऊ को बड़ा झटका दे दिया. पूरन ने 27 गेंदों पर छह चौके और चार छक्के लगाए. पूरन के आउट होने के बाद लखनऊ को मैच जीतने के लिए अंतिम चार ओवरों में 60 रन बनाने थे और अरशद खान ने 25 गेंदों पर ही अर्धशतक बनाकर लखनऊ को मैच में बनाए रखा. अंतिम दो ओवरों में लखनऊ को जीत के लिए 29 रन बनाने थे टीम की सारी उम्मीदें अरशद पर टिकी हुई थी.

इसके बाद अंतिम ओवर में मैच जीतने के लिए टीम को 23 रन बनाने थे, लेकिन टीम 9 विकेट पर 189 रन ही बना सकी. अरशद ने 33 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 58 रन की नाबाद पारी खेली. लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके.

दिल्ली के लिए ईशांत शर्मा ने तीन और खलील अहमद, अक्षर पटेल, मुकेश कुमार, कुलदीप यादव और स्टब्स ने एक-एक विकेट चटकाए.

इससे पहले, दिल्ली ने अभिषेक पोरेल और ट्रिस्टन स्टब्स के अर्धशतकों के दम पर 4 विकेट पर 208 रनों का स्कोर बनाया. पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली की शुरुआत सही नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में अपने तूफानी बल्लेबाज जेक फ़्रेज़र-मक्गर्क (0) का विकेट खो दिया. लेकिन इसके बाद शाई होप (38) और अभिषेक पोरेल (58) ने दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों पर 92 रन जोड़कर दिल्ली को मजबूती दी. होप ने 27 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाए जबकि पोरेल ने 33 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और चार छक्के लगाए.

होप और पोरेल के आउट होने के बाद कप्तान ऋषभ पंत (33) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 57) ने चौथे विकेट के लिए 31 गेंदों पर 47 रन की साझेदारी करके टीम को 150 के पार पहुंचाया. पंत ने 23 गेंदों पर पांच चौके लगाए. कप्तान पंत के आउट होने के बाद स्टब्स ने अक्षर पटेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 22 गेंदों पर 50 रनों की अविजित साझेदारी करके दिल्ली कैपिटल्स को 200 के पार पहुंचा दिया. स्टब्स ने 25 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के लगाए जबकि अक्षर ने 10 गेंदों पर दो चौके के सहारे नाबाद 14 रनों का योगदान दिया.

लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से नवीन उल हक ने दो और अरशद खान तथा रनि बिश्नोई ने एक-एक सफलता हासिल की.

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.