क्या IPL में फ्लॉप रहे ऋषभ पंत को गौतम गंभीर ने दिया कोई मैसेज? इस एक ही फंडा पर रहने की उम्मीद

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:June 5, 2026 4:24 PM IST

अपने करियर का 50वां टेस्ट मैच खेलने को तैयार ऋषभ पंत पर कुछ दबाव हो सकता है, लेकिन फैन्स को उम्मीद है कि उनके दबाव से उबरने का तरीका भी उनके अंदाज में छिपा है.

आईपीएल में खराब फॉर्म से जूझ कर टेस्ट में आ रहे ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के लिए परिस्थितियां यहां भी कुछ चुनौतीपूर्ण होंगी. पिछली बार जब भारत टेस्ट क्रिकेट खेल रहा था तो पंत टीम के उपकप्तान थे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उन्हें कप्तानी का मौका मिला था. लेकिन अब टीम की उपकप्तानी भी उनके हाथ से जा चुकी है.

Advertising
Advertising

विकेट पर उनका बल्ला भी उनसे रूठा-रुठा चल रहा है. ऐसे में क्या टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट से पहले कुछ खास बातचीत या किसी प्लान पर बात की है. इस पर हेड कोच ने कहा कि पंत को उनका खेलने का तरीका बदलने के लिए बिल्कुल भी नहीं कहा गया है.

गंभीर ने कहा कि पंत को मैच की परिस्थितियों को देखकर बल्लेबाजी करने की जरूरत है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए गंभीर ने कहा, 'हर खिलाड़ी को जज उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है. जहां तक बात ऋषभ पंत की है, तो हम चाहते हैं कि वह वैसा ही खेले जैसा खेलते हैं. ऐसा बिल्कुल भी नहीं है कि हम चाहते हैं कि पंत अपने खेलने के तरीके को बदलें. हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट में आपको परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी करनी पड़ती है. परिस्थितियों को पढ़ना और समझना बेहद जरूरी है कि उस वक्त टीम को आपसे कैसी बल्लेबाजी की जरूरत है. आपको परिस्थितियों को देखकर ही अपने शॉट्स खेलने होंगे.'

हेड कोच ने आगे कहा, 'हालांकि, ऐसा नहीं है कि किसी को बोला गया कि आप अपने नेचुरल गेम से हटकर बिल्कुल अलग तरह के खेलो. टेस्ट क्रिकेट हो या वनडे या फिर टी20, हर फॉर्मेट में रन बनाना और विकेट लेना ही असली मकसद है. उसे आप नहीं हट सकते हैं, वो आप चाहे जैसे भी बनाओ आपकी मर्जी है, लेकिन परिस्थिति को समझना काफी महत्वपूर्ण है.'

ऋषभ पंत साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई घरेलू टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन उनका प्रदर्शन दोनों ही टेस्ट मुकाबलों में निराशाजनक रहा था. हालांकि, इंग्लैंड दौरे पर पंत ने दमदार प्रदर्शन किया था, लेकिन चोट के चलते उन्हें बीच सीरीज से ही बाहर होना पड़ा था. पंत के पास अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट में अपनी खोई हुई फॉर्म को हासिल करने का शानदार मौका होगा. पंत अपने टेस्ट करियर का 50वां मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे.

(एजेंसी: आईएएनएस)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें