मैनचेस्टर. इंग्लैंड दौरे पर मेजबान टीम के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी खेल रही भारतीय टीम में खिलाड़ियों को चोट लगने का सिलसिला शुरू हुआ है, जो रुकने का नाम नहीं ले रहा. ऋषभ पंत के लॉर्ड्स टेस्ट में चोटिल होने के बाद तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, आकाश दीप ट्रेनिंग में चोटिल हुए थे और अब इस कड़ी में नया नाम युवा ऑलराउंडर नीतिश कुमार रेड्डी का भी जुड़ चुका है. रेड्डी की चोट गंभीर है, जिससे वह सीरीज में बाकी बचे दो टेस्ट से बाहर हो सकते हैं.
ईएसपीएन क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के अनुसार रेड्डी को रविवार को जिम ट्रेनिंग के दौरान यह चोट लगी. चोट के बाद उन्हें BCCI की मेडिकल टीम ने स्कैन के लिए भेजा था, जिसमें उनके लिगामेंट में इंजरी का पता चला है. इस चोट के बाद नितिश ने रविवा को टीम के साथ ऑप्शन ट्रेनिंग सेशन में भाग नहीं लिया. बता दें रेड्डी पिछले दो टेस्ट में प्लेइंग XI का हिस्सा था. हालांकि बल्ले उनका प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा. उन्होंने पहले टेस्ट में सिर्फ 1 और 1 रन की ही पारियां खेली थीं. इसके बाद लॉर्ड्स में उन्होंने 30 और 13 रन बनाकर 4 पारियों में कुल 45 रन बनाए.
हालांकि लॉर्ड्स की पहली पारी में उन्होंने भारत को शुरुआती दो सफलताएं दिलाई थीं, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट अपने नाम किया था. रेड्डी की चोट के कारण शार्दुल ठाकुर की प्लेइंग XI में वापसी हो सकती है. रेड्डी को भारत की बल्लेबाजी में गहराई लाने और चौथे तेज गेंदबाजी विकल्प के रूप में टीम में शामिल किया गया था. पहले टेस्ट से बाहर रहे रेड्डी दूसरा और तीसरा टेस्ट खेले थे.
रेड्डी की इंजरी भारत की परेशानी बढ़ाने वाली है. क्योंकि सीरीज के बीच में ही आकाश दीप, अर्शदीप सिंह और ऋषभ पंत की इंजरी से पहले ही भारतीय टीम की चिंताएं बढ़ी थीं और अब रेड्डी की चोट ने इन्हें और बढ़ाने का काम किया है. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को एक ट्रेनिंग सत्र के दौरान हाथ में गहरी चोट लग गई थी.
चौथे टेस्ट से अर्शदीप सिंह बाहर हो चुके हैं. उनकी जगह बीसीसीआई ने अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया है. 24 साल के कंबोज ने हरियाणा के लिए 24 प्रथम श्रेणी मैचों में 79 विकेट लिए हैं. वह पिछले महीने में इंग्लैंड दौरे पर गई भारत ‘A’ टीम का हिस्सा थे. दो चार दिवसीय मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा था. मौजूदा सीरीज में इंग्लैंड ने भारत पर 2-1 की बढ़त बना ली है. मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू हो रहा चौथा टेस्ट इस सीरीज में बने रहने के लिए भारत के लिए बेहद अहम है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.