ENG vs IND- अर्शदीप सिंह को टेस्ट सीरीज में मौका नहीं मिलने से इंग्लैंड का पूर्व दिग्गज हैरान, बोले- वह एक शानदार च्वॉइस
इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि मैं हैरान हूं कि भारत के पास ऐसा तेज गेंदबाज अब तक बेंच पर बैठा है, जो बाएं हाथ का तेज गेंदबाज है और अच्छे एंगल से बॉलिंग भी करता है.
अर्शदीप सिंह @BCCIx
नई दिल्ली. इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम 5 टेस्ट की सीरीज में 1-2 से पिछड़ी है और सीरीज का चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में खेलने की तैयारियों में जुटी है. भारत ने सीरीज में बारी-बारी प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप को मौका दिया है. लेकिन टीम में एकमात्र लेफ्टआर्म पेसर हैं, जिन्हें इस सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला है, जबकि वह अपनी विविधता भरी बॉलिंग से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को संकट में डाल सकते हैं. ऐसे में इंग्लैंड के पूर्व लेफ्टआर्म स्पिनर मोंटी पनेसर भी इससे हैरान हैं.
मोंटी ने कहा कि मैं अब तक हैरान हूं कि आखिर अर्शदीप सिंह को मौका क्यों नहीं मिला. उन्हें पहले ही टेस्ट में खेलने का मौका मिलना चाहिए था. इसके अलावा उन्होंने उम्मीद जताई कि सीरीज में अभी दो टेस्ट बाकी हैं, जबकि मैनचेस्टर में इस गेंदबाज को मौका मिल सकता है, जहां अच्छा उछाल मिलता है. बता दें अर्शदीप सिंह को इस दौरे पर अपने डेब्यू का इंतजार था. लेकिन अभी तक उन्हें मौका नहीं मिला है.
मोंटी ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, 'अर्शदीप सिंह को खिलाने की जरूरत है. मैं हैरान हूं कि उन्होंने पहला टेस्ट क्यों नहीं खेला. वह अच्छे एंगल से बॉलिंग करता है और बाएं हाथ तेज गेंदबाज वाकई अच्छा विकल्प होगा. वह इंग्लैंड की परिस्थितियों में शानदार परफॉर्मेंस करेगा.'
इसके साथ ही मोंटी ने बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट और भारतीय टीम की जरूरत को देखते हुए बताया, 'जसप्रीत बुमराह को अगला मैच खेलना चाहिए. यह भारत के करो या मरो का मैच है और इस मैच में उन्हें अपने बेस्ट अटैक के साथ खेलने का जरूरत हैं. बुमराह को यह टेस्ट खेलना ही चाहिए. यह देश की सबसे तेज गति और उछाल वाली पिच है. इसलिए यहां उनका होना ही चाहिए.'
इस बीच भारतीय टीम को अपनी बैटिंग में नंबर 3 पर करुण नायर और नंबर 8 या 9 पर बैटिंग कर रहे नीतिश कुमार रेड्डी की बैटिंग पर भी टीम को चिंताएं होंगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें