पहली पारी में बढ़त बनाकर भी पिटा वेस्टइंडीज- इंग्लैंड ने 241 रनों से धोया, सीरीज भी गंवाई

मेहमान टीम ने नॉटिंघम टेस्ट में पहली पारी के आधार पर 41 रनों की बढ़त ली थी. लेकिन वह मैच की चौथी पारी में वह सिर्फ 143 रनों पर धराशाई हो गई.

Published date india.com Published: July 22, 2024 9:49 AM IST
England Beat WI
इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को धोया @ICCTwitter

नॉटिंघम. इंग्लैंड दौरे पर गई वेस्टइंडीज की टीम 3 टेस्ट की सीरीज के दूसरे मैच में भी धराशाई हो गई है. नॉटिंघम में खेले गए इस टेस्ट मैच में वह पहली पारी के आधार पर मजबूत स्थिति में थी. उसने इंग्लैंड पर 41 रनों की बढ़त बनाई थी लेकिन इसके बावजूद वह 241 रनों से यह मैच हार गई. मैच की चौथी पारी में उसे 384 रनों का लक्ष्य मिला था. लेकिन शोएब बशीर ने उसे अपनी फिरकी में फांस लिया.

384 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही थी और उसने बगैर कोई विकेट गंवाए 61 रन जोड़ लिए थे. लेकिन जैसे ही तेज गेंदबाज क्रिस वॉक्स ने इंग्लिश टीम को मिकाइल लुईस (17) को आउट कर पहला विकेट दिलाया वेस्टइंडीज की टीम में पतझड़ लग गया. 82 रनों तक पहुंचते-पहुंचते उसकी आधी टीम आउट हो गई और इसके बाद 91 के स्कोर पर उसे छठा झटका लगा.

कप्तान क्रेग ब्रेथवेट (47) के अलावा अनुभवी जेसन होल्डर (37) ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए. पहली पारी में शतक जमाने वाले केवन होज दूसरी पारी में अपना खाता भी नहीं खोल पाए.

वेस्टइंडीज ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था. इंग्लैंड ने यहां अपने चिर-परिचित अंदाज में खेलकर पहली पारी में 416 रन बनाए. इसके बाद वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हैरान करते हुए उस पर बढ़त बना ली और अपनी पहली पारी में 457 रन बनाए. उसकी ओर से कप्तान क्रेग ब्रेथवेट (48), एलिक अथान्जे (82) और केवन होज (120) ने बेहतरीन पारियां खेलीं, जिसके दम पर विंडीज ने 41 रनों की बढ़त ली.

इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में भी अपने स्वभाव के मुताबिक खेलते हुए 425 रन बनाए. उसकी ओर से बेन डकेट (76), ऑली पोप (51), जो रूट (122) और हैरी ब्रूक्स (109) ने शानदार पारियां खेलीं. अब विंडीज के सामने 384 रनों का लक्ष्य था. लेकिन टीम क्रिस वॉक्स के खिलाफ शुरुआती विकेट गंवाने के बाद शोएब बशीर की फिरकी में फंस कर तबाह हो गई और उसने यह मैच और सीरीज दोनों गंवा दी. इंग्लैंड की टीम 3 टेस्ट की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है. सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट 26 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.