England Break Australia Winning Streak Beat Them After Four Years In Odi Cricket
आखिरकार टूट गया ऑस्ट्रेलिया का वनडे में लगातार जीत का अभियान, 14 मैचों बाद हारा
तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के सामने 305 रनों का लक्ष्य रखा था. बारिश आने से पहले इंग्लिश टीम ने 37.4 ओवर में 254 रन बना लिए थे और DLS नियम के तहत उसे जीत मिली.
England Break Australia Winning Streak: 5 वनडे मैचों की सीरीज में पहले दो मैच हारने के बाद आखिरकार इंग्लैंड ने अपनी जीत का खाता खोल लिया है. उसने मंगलवार को चेस्टर ली स्ट्रीट में खेले गए तीसरे वनडे मैच में हैरी ब्रूक्स की नाबाद सेंचुरी के दम पर कंगारू टीम को मात दी. वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 साल बाद कोई जीत मिली है. इसके अलावा 2023 वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट से ही अपनी जीत का जो सिलसिला शुरू किया था वह आखिरकार अब टूट गया है. उसने लगातार 14 वनडे मैचों में जीत दर्ज की. सीरीज में अभी 2 मैच खेले जाने बाकी हैं और इस हार के बावजूद ऑस्ट्रेलिया 2-1 से आगे है.
इंग्लैंड ने यहां टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बैटिंग का निमंत्रण दिया था. कंगारू टीम ने स्टीव स्मिथ (60) और एलेक्स कैरी (77*) की दमदार पारियों की बदौलत 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 304 रन बनाए. इसके अलावा सिर्फ 26 बॉल में ताबड़तोड़ 44 रन ठोकने वाले आरोन हार्डी ने अंतिम ओवरों में कैरी के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम 300 का आंकड़ा पार कर गई.
वनडे में लगातार सबसे ज़्यादा जीत
21 – ऑस्ट्रेलिया (जनवरी 2003 – मई 2003)
14 – ऑस्ट्रेलिया (अक्टूबर 2023 – सितंबर 2024)
13 – श्रीलंका (जून 2023 – अक्टूबर 2023)
12 – दक्षिण अफ्रीका (फरवरी 2005 – अक्टूबर 2005)
12 – पाकिस्तान (नवंबर 2007 – जून 2008)
12 – दक्षिण अफ्रीका (सितंबर 2016 – फरवरी 2017)
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत एक बार फिर खराब रही. फिल सॉल्ट (0) और बेन डकिट (8) पहले 3 ओवरों में ही पवेलियन लौट गए. ये शुरुआती दोनों झटके मिचेल स्टार्क ने दिए. हालांकि शुरुआती 2 झटके लगने बाद विल जैक्स (84) और कप्तान हैरी ब्रूक (110*) टीम को बखूबी संभालते हुए जीत की राह पर ला दिया. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 156 रन जोड़े. कैमरुन ग्रीन ने जैक्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. ब्रूक के वनडे करियर का यह पहला शतक है, जो इंग्लैंड के लिए बतौर कप्तान उनके खाते में आया.
इसके बाद ग्रीन ने कुछ ओवरों बाद जेमी स्मिथ को अपना दूसरा शिकार बना लिया. लेकिन इसके बाद लियाम लिंविगस्टोन एक अलग ही अंदाज में उतरे और उन्होंने 20 बॉल की पारी में 3 छ्क्कों और 2 चौकों की मदद से अभी नाबाद 33 रन ही बनाए थे कि मैच में बारिश आ गई. इसके बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो पाया लेकिन इंग्लैंड के लिए राहत थी कि वह यहां DLS नियम के तहत जीत के लिए 46 रन आगे था. सीरीज का चौथा वनडे शुक्रवार को लॉर्ड्स में खेला जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.