
Bharat Malhotra
भारत मल्होत्रा के पास डिजिटल मीडिया का 17 साल का अनुभव है. आईपीएल 2008 से करियर की विधिवत शुरुआत हुई. तब से कुछ ब्रेक के साथ आईपीएल और क्रिकेट ... और पढ़ें
नई दिल्ली: पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी ने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर पर बड़ा हमला किया है. उन्होंने कहा है कि विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन जैसे सीनियर खिलाड़ियों को रिटायरमेंट के लिए मजबूर करने में गंभीर ने अहम भूमिका निभाई. तिवारी का यह बयान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाए जाने के बाद सामने आया है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 19 अक्टूबर से हो रही है.
कोहली और रोहित दोनों ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खिताबी जीत के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था. यूएसए और वेस्ट इंडीज में खेले गए इस टूर्नामेंट में भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप जीता था. हालांकि इसके बाद इस साल जब रोहित और विराट दोनों ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा तो काफी बवाल मचा. इन दोनों खिलाड़ियों ने अचानक ही रेड बॉल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. भारत के इंग्लैंड दौरे से पहले ही दोनों ने ऐसा ऐलान किया था. न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू और फिर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दोनों का प्रदर्शन साधारण रहा था.
तिवारी ने इनसाइड स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में कहा, ‘अगर सीनियर खिलाड़ी वहां होते. अगर अश्विन वहां होते, अगर रोहित वहां होते, या विराट वहां होते, तो इन खिलाड़ियों ने काफी क्रिकेट खेला हुआ है. वे स्थापित खिलाड़ी हैं और इन्होंने मुख्य कोच और उनके स्टाफ से कहीं ज्यादा क्रिकेट खेला है. अगर ये खिलाड़ी किसी बात से सहमत नहीं होते तो वे अपनी राय जाहिर करते. आपने बस यह सुनिश्चित किया कि ये खिलाड़ी वहां न हों.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने यह देखा है कि जब से इस कोच ने भूमिका संभाली है कई विवाद खड़े हुए हैं. कई चीजें ऐसी हो रही हैं जो भारतीय क्रिकेट के लिए सही नहीं हैं. मुझे लगता है कि जब इस वह (गंभीर) मुख्य कोच बने हैं, अश्विन ने संन्यास लिया है. रोहित और विराट भी ऐसा कर चुके हैं. कई अन्य चीजें भी हुई हैं, जैसे कई खिलाड़ियों को अचानक से टीम में शामिल कर लिया गया और उन्हें सीधा प्लेइंग इलेवन में शामिल कर लिया गया. हम देख रहे हैं कि गंभीर के प्रदर्शन में निरंतरता नजर नहीं आती.’
रोहित और विराट अभी वनडे इंटरनेशनल फॉर्मेट में टीम के साथ हैं. उन्होंने 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में खेलने की इच्छा भी जाहिर की है. यह वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा. चैंपियंस ट्रॉफी के बाद इन दोनों ने भारतीय टीम के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है. अगर उम्र की बात करें तो उस वर्ल्ड कप तक विराट कोहली 39 और रोहित शर्मा 40 साल के हो जाएंगे.
भारतीय सिलेक्टर्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए इन दोनों को शामिल किया है. हालांकि, उनका भविष्य क्या होगा यह उनकी फिटनेस और फॉर्म पर ही निर्भर करेगा.
तिवारी ने भारतीय क्रिकेट में इन दोनों खिलाड़ियों के योगदान की सराहना की. उन्होंने इन्हें खिलाड़ियों को हाशिए पर रखने पर चेतावनी भी दी.
तिवारी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि जो परिस्थितियां बनाईं गईं, जो माहौल बनाया गया, इन खिलाड़ियों पर काफी दबाव बनाया गया. मुझे लगता है कि रोहित और विराट ने भारतीय क्रिकेट की काफी सेवा की है. वे भारतीय क्रिकेट को नई ऊचाइंयों पर ले गए हैं. जिन खिलाड़ियों ने दिलो-जान भारतीय क्रिकेट को दिया है, हमने देखा है कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट को सब कुछ दिया है.’
इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा, ‘अगर ये खिलाड़ी देखेंगे कि इन चीजों से उनकी छवि पर फर्क पड़ रहा है तो वे ड्रेसिंग रूम में नहीं रहना चाहेंगे. तो वे शायद रिटायर होने का फैसला करेंगे. मुझे लगता है कि वे खेलना चाहते हैं. मुझे लगता है कि गंभीर इतना बड़ा फैसला नहीं लेंगे कि इन दोनों को वाइट बॉल टीम में न रखें. कोई भी इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि ये कमाल के खिलाड़ी हैं. अगर गंभीर इन दोनों को वर्ल्ड कप की योजना में शामिल नहीं करते हैं तो बहुत बुरा फैसला होगा.’
रोहित और कोहली दोनों का वनडे में कमाल का रिकॉर्ड है. साल 2023 से रोहित ने 37 पारियों में 48.97 के औसत और 117.2 के स्ट्राइक रेट से 1714 रन बनाए हैं. वहीं कोहली ने 34 पारियों में 61.07 के औसत और 95.8 के स्ट्राइक रेट से 1710 रन बनाए. हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.