मेलबर्न. रिकी पॉन्टिंग (Ricky Ponting) के बयान पर भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की तीखी प्रतिक्रिया देने के बाद अब पॉन्टिंग ने जवाबी हमला किया है. उन्होंने कहा कि वह गंभीर को जानते हैं और उनका स्वभाव ऐसा ही इसलिए वह उनकी प्रतिक्रिया पढ़ने के बाद बहुत ज्यादा हैरान नहीं थे. लेकिन विराट कोहली (Virat Kohli) पर की गई उनकी टिप्पणियों को उन पर निशाना साधने के रूप में नहीं देखना चाहिए. वह लंबे समय से खराब फॉर्म में हैं और इसे लेकर वह भी चिंतित होंगे.
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व कप्तान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को दिए इंटरव्यू में कहा था कि कोहली का खराब फॉर्म चिंता का विषय होगा और किसी भी अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को 5 साल में सिर्फ दो शतक के साथ टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा.
हालांकि उन्होंने कोहली की वापसी करने की क्षमता की भी तारीफ भी की थी. गंभीर से जब पॉन्टिंग की टिप्पणियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को भारतीय क्रिकेट के बारे में चिंतित होने की जरूरत नहीं है.
गंभीर की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर पोंटिंग ने ‘7न्यूज’ से कहा, ‘मैं प्रतिक्रिया पढ़कर हैरान था लेकिन कोच गौतम गंभीर को जानता हूं… वह काफी जल्दी चिढ़ जाते हैं इसलिए मुझे हैरानी नहीं है कि उन्होंने पलटवार किया.’
उन्होंने कहा, ‘मुझे उनसे ऐसी उम्मीद नहीं है. हमारा एक-दूसरे के खिलाफ काफी इतिहास है. मैंने उन्हें दिल्ली कैपिटल्स (DC) में कोचिंग दी है और वह काफी चुलबुले स्वभाव के हैं.’
अपने समय के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक पॉन्टिंग ने समझाया कि उनका क्या मतलब था और उन्हें लगा कि बातों को संदर्भ से बाहर ले जाया गया. उन्होंने कहा, ‘यह किसी भी तरह से उन (कोहली पर) पर कटाक्ष नहीं था. मैंने असल में इसके बाद कहा था कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन किया है और वह यहां वापसी करने के लिए उत्सुक होंगे… अगर आप विराट से पूछेंगे तो मुझे यकीन है कि वह थोड़ा चिंतित होंगे कि वह पिछले वर्षों की तरह शतक नहीं बना पाए हैं.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.