शुभमन गिल की तूफानी बल्लेबाजी में उड़ी राजस्थान रॉयल्स, 7 विकेट से जीता मैच, RCB से होगा फाइनल मुकाबला

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:May 29, 2026 11:36 PM IST

IPL 2026 GT vs RR: गिल के शतक से गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच गई है. राजस्थान रॉयल्स 7 विकेट से मैच हार गई, अब मुकाबला RCB से होगा.

आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है. महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में शुभमन गिल ने ऐसी कप्तानी पारी खेली, जिसने राजस्थान का प्लान बिगाड़ दिया. बड़े मैच के दबाव में जहां कई खिलाड़ी लड़खड़ा जाते हैं, वहीं गिल ने बल्ले से 104 रन बनाए और राजस्थान के गेंदबाज देखते रह गए. गुजरात टीम अब फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी और फैंस को एक हाईवोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा.

Advertising
Advertising

तीसरी बार IPL फाइनल में गुजरात टाइटंस

आपको बता दें ऐसा तीसरी बार होगा, जब गुजरात टाइटंस ने आईपीएल फाइनल में जगह बनाई है. 2022 में टीम ने आरआर को मात देकर अपना पहला खिताब जीता था. अगले सीजन यह टीम फिर से फाइनल में पहुंची, जहां चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. जब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीटी का सामना आरसीबी से होगा, तो दोनों टीमें अपने दूसरे खिताब को जीतना चाहेंगी.

शतक से चूके वैभव सूर्यवंशी

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने खराब शुरुआत के बावजूद 214/6 का विशाल स्कोर बनाया. यह टीम 1.5 ओवरों में महज 9 के स्कोर तक यशस्वी जायसवाल (1) और ध्रुव जुरेल (7) के रूप में दो बड़े विकेट गंवा चुकी थी, जिसके बाद 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला. वैभव लगातार दूसरे मुकाबले में शतक चूके. उन्होंने 47 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 96 रन की पारी खेली.

वहीं, रवींद्र जडेजा 35 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 45 रन बनाकर नाबाद रहे. उनके अलावा, डोनोवन फरेरा ने 11 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 38 रन की तूफानी पारी खेली. विपक्षी खेमे से जेसन होल्डर और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

गिल ने 53 गेंदों में 104 रन बनाए

इसके जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. पहले विकेट के लिए कप्तान शुभमन गिल ने साईं सुदर्शन के साथ 77 गेंदों में 167 रन की साझेदारी की. सुदर्शन 32 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 53 गेंदों में 104 रन बनाए. उनकी इस पारी में 3 छक्के और 15 चौके शामिल रहे.

इनके अलावा, वॉशिंगटन सुंदर ने 9 गेंदों में 16 रन की पारी खेली, जबकि राहुल तेवतिया 9 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 17 रन बनाकर नाबाद रहे. विपक्षी टीम से जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और ब्रजेश शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें